विदर्भ को मिला पहला एनिमल क्रिटिकल केयर यूनिट

    21-Aug-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। विदर्भ में अब गंभीर रूप से घायल, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को भी इंसानों की तरह अत्याधुनिक इंटेंसिव केयर की सुविधा मिल सकेगी। नागपुर स्थित एनजीओ राइज फॉर टेल्स ने क्षेत्र का पहला समर्पित क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) शुरू किया है। लंबे समय से विदर्भ में पशुओं के लिए ऐसी विशेषज्ञ सुविधा का अभाव था। नई यूनिट में वेंटिलेटर, वेटरनरी मल्टी-पैरा मॉनिटर, ईसीजी मशीन, नवजात पिल्लों के लिए इनक्यूबेटर, सीआरआई (Continuous Rate Infusion) पंप और वेटरनरी नेब्युलाइज़र जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यूनिट में तीन बेड हैं, जिन्हें सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई से जोड़ा गया है। इससे गंभीर अवस्था वाले पशुओं की लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल श्वसन सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

इमरजेंसी से रिहैबिलिटेशन तक एक ही छत के नीचे

क्रिटिकल केयर यूनिट के साथ ही संस्था ने एक समर्पित फिजियोथेरेपी सेंटर का भी उद्घाटन किया। यहां घायल या सर्जरी के बाद स्वस्थ हो रहे पशुओं की शारीरिक क्षमता और गतिशीलता बहाल करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। सेंटर में TENS, NMES, IFT, Therapeutic Ultrasound, Low-Level Laser Therapy, TECAR Therapy और Infrared Therapy जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे पशुओं को आपातकालीन उपचार के बाद रिकवरी और पुनर्वास की सुविधा भी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। संस्था का उद्देश्य गंभीर उपचार से लेकर पूर्ण रिहैबिलिटेशन तक पशु चिकित्सा की एक समग्र व्यवस्था तैयार करना है।

ब्रेल में ‘सहजीवन’ से बढ़ेगी जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान संस्था के स्कूल अवेयरनेस प्रोग्राम ‘सहजीवन’ के ब्रेल संस्करण का भी लोकार्पण किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिम्मेदार पेट ओनरशिप, रेबीज के प्रति जागरूकता और इंसान-पशु सहअस्तित्व जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाता है। ब्रेल संस्करण का विमोचन देवांग कुसुमगर ने किया। राइज फॉर टेल्स की संस्थापक गार्गी वैरागड़े ने कहा कि यह पहल विदर्भ में पशु चिकित्सा को अधिक आधुनिक, संवेदनशील और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नई सुविधाओं से गंभीर स्थिति वाले पशुओं को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिलने के साथ उनके बेहतर जीवन और पुनर्वास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।