सीएम रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे पर केंद्र की रोक, ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी

    21-Aug-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार ने राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि रेवंत रेड्डी की ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई थी, लेकिन अमेरिका यात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री के पद और दौरे के उद्देश्य के अनुरूप नहीं पाया गया। MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से पहले मंत्रालय उनके कार्यक्रम और उद्देश्य का आकलन करता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अमेरिका के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम उपयुक्त नहीं था, इसलिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई।

लंदन पहुंचने के बाद मिला फैसला, US दौरा रद्द
तेलंगाना सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं। उन्होंने ब्रिटेन के बाद अमेरिका जाने की योजना बनाई थी। उनका आधिकारिक ‘Telangana Rising’ प्रतिनिधिमंडल अमेरिका में शिक्षा, निवेश और राज्य के विकास से जुड़े अवसरों पर चर्चा करने वाला था। राज्य सरकार ने तय नीति और प्रोटोकॉल के तहत ब्रिटेन और अमेरिका दोनों यात्राओं के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी। हालांकि, केंद्र ने केवल ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी। CMO के मुताबिक, अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं मिलने की जानकारी प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद दी गई। इसके बाद रेवंत रेड्डी ने अमेरिका जाने के बजाय 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटने का फैसला किया है। पहले उनके 30 अगस्त को हैदराबाद लौटने की योजना थी।

शिक्षा और ‘Telangana Rising’ विजन को लेकर था दौरे का फोकस
रेवंत रेड्डी ने केंद्र के फैसले पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि प्रस्तावित अमेरिका दौरे का उद्देश्य राजनीतिक नहीं, बल्कि तेलंगाना के विकास और युवाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर तैयार करना था। उनका कहना है कि वे दुनिया के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद से जोड़ना चाहते थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, अमेरिका के प्रमुख विश्वविद्यालयों, जिनमें आइवी लीग संस्थान भी शामिल हैं, के साथ सहयोग से युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने इस पहल को केंद्र की नई शिक्षा नीति और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए कहा कि ‘Telangana Rising’ के माध्यम से राज्य को शिक्षा और कौशल के वैश्विक केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था। अब अमेरिका दौरा रद्द होने के बाद इस मुद्दे पर केंद्र और तेलंगाना सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी बढ़ने के संकेत हैं।