- कई इलाकों में भारी नुकसान
Image Source:(Internet)
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते एक सप्ताह में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार मृतकों में ठाणे शहर, अंबरनाथ और मीरा-भायंदर के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। वहीं बुधवार को मुरबाड तहसील में आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोरी समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को तत्काल टोकावड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इसके अलावा भिवंडी में अलग-अलग घटनाओं में दो किशोर नदी और नाले में डूब गए, जिनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं। वहीं मुरबाड के पोटगांव नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।
136 मकान क्षतिग्रस्त
मूसलाधार बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके चलते प्रशासन को बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक 229 परिवारों के कुल 797 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। लगातार बारिश से जिले में 136 मकान आंशिक या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा पांच झोपड़ियां, दो पोल्ट्री फार्म, एक सामुदायिक भवन और एक आंगनवाड़ी केंद्र भी नष्ट हो गए। जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं और लोगों से नदी-नालों के किनारे तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
कालवा में टला बड़ा हादसा
बारिश के बीच कालवा स्थित आदर्श चॉल इलाके में पहाड़ी से आने वाले तेज पानी के बहाव ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया था। निरीक्षण में पाया गया कि पहाड़ी से आने वाले प्राकृतिक जल निकासी मार्ग और नाले मलबे से पूरी तरह जाम हो चुके थे, जिसके कारण पानी सीधे रिहायशी क्षेत्रों में घुसने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ठाणे नगर निगम ने तत्काल सफाई अभियान चलाकर अवरुद्ध नालों को साफ कराया और वर्षा जल का प्रवाह मुख्य ड्रेनेज नेटवर्क की ओर मोड़ दिया। प्रशासन ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से किसी इमारत के ढहने की घटना नहीं हुई और न ही किसी प्रकार की जनहानि या आर्थिक नुकसान की सूचना मिली। जिला प्रशासन ने मानसून के दौरान नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।