सीजेपी के समर्थन में 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान! प्रकाश आंबेडकर की अपील

    23-Jul-2026
Total Views |
- 'छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में बंद'

Image Source:(Internet)

मुंबई। वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने सीजेपी के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग चिंताजनक है। आंबेडकर ने समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और समाज के सभी वर्गों से इस राज्यव्यापी बंद में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की। उल्लेखनीय है कि हाल ही में वे नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और सीजेपी के संस्थापक अभिजीत डिपके से मुलाकात की थी।

'लोकतंत्र में असहमति का सम्मान जरूरी'
प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में दिए अपने संबोधन में लोकतंत्र को संवैधानिक तरीकों से संचालित करने और नागरिकों की शिकायतों के प्रति लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाबदेह बनाए रखने पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर का मानना था कि राजनीतिक लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है, जब वह स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित हो। उन्होंने कहा कि सत्ता से सवाल पूछने, जवाबदेही तय करने और शांतिपूर्ण ढंग से असहमति व्यक्त करने का अधिकार लोकतंत्र की मूल भावना है तथा किसी भी लोकतंत्र की मजबूती इस बात से तय होती है कि वह असहमति का किस प्रकार सम्मान करता है।