उफनते पानी में छिपा था मौत का जाल: खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत

    02-Jul-2026
Total Views |
- चंदीवली में बारिश बनी जानलेवा, खुले मैनहोल में समा गया बुजुर्ग

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने शहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। चंदीवली के साकीनाका क्षेत्र में जलभराव के कारण पानी में छिपे एक खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय असलम इसाक शेख की मौत हो गई। असलम यादव नगर, साकीनाका के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह सफेद शर्ट पहने सड़क पर पैदल जा रहे थे। भारी बारिश के कारण सड़क पर इतना पानी भर गया था कि खुला मैनहोल दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान वह अचानक उसमें गिर गए और तेज बहाव उन्हें बहाकर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद उनका शव ड्रेनेज लाइन से बरामद किया गया।

मोबाइल पर बात करते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय असलम शेख मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। घटना खैरानी रोड स्थित सनमान होटल के पास हुई, जहां एक निजी ठेकेदार द्वारा ड्रेनेज मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि मरम्मत के दौरान मैनहोल को खुला छोड़ दिया गया था और उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। भारी बारिश के कारण पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया, जिससे मैनहोल पूरी तरह पानी के नीचे छिप गया। राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल के पास असलम की छतरी और चप्पलें मिलीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह तेज बहाव में बह गए थे। बचाव दल ने ड्रेनेज लाइन में कई स्थानों पर खोज अभियान चलाकर अंततः उनका शव बरामद किया।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी
इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और बीएमसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। उपमहापौर संजय घाडी ने कहा कि खुले मैनहोल के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (हॉमिसाइड) का मामला दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच, गुरुवार को ही दहिसर क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति तेज बहाव वाले नाले में गिर गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, जलभराव वाले रास्तों से बचें और बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।