- नागपुर सर्कल में बिजली सेवाओं पर संकट के आसार
- वर्षों से लंबित भुगतान और अधूरी मांगों पर बढ़ा असंतोष
नागपुर। महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) के नागपुर सर्कल में मेंटेनेंस एवं रिपेयर कार्य करने वाले ठेकेदारों ने 1 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी है। ठेकेदार संघ ने इस संबंध में मुख्य अभियंता को अंतिम निवेदन सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच किए गए रखरखाव और मरम्मत कार्यों का बड़ा भुगतान अब तक लंबित है। संघ का कहना है कि इससे पहले भी आंदोलन की चेतावनी दी गई थी, लेकिन मुख्य अभियंता द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद न तो लंबित भुगतान जारी किया गया और न ही समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया, जिससे ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
भुगतान, खरीद आदेश और संशोधित दरें लागू करने की मांगठेकेदार संघ ने मांग की है कि सभी लंबित बिलों का तत्काल भुगतान किया जाए, लंबित खरीद आदेश (Purchase Orders) को शीघ्र स्वीकृति दी जाए तथा प्रिवेंटिव मेंटेनेंस और डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर सेंटर (DTC) रिप्लेसमेंट से संबंधित निविदाओं में दरों की विसंगतियों को दूर करते हुए संशोधित दरें लागू की जाएं। संघ का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में पुराने दरों पर कार्य करना आर्थिक रूप से संभव नहीं है। समय पर भुगतान नहीं मिलने और लागत बढ़ने के कारण ठेकेदारों पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की चेतावनी, प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांगठेकेदारों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्य बहिष्कार की अवधि में यदि किसी प्रकार की बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तकनीकी खराबी आती है, सिस्टम फेल होता है या संचालन संबंधी कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो उसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी। संघ ने कहा कि कार्य बंद रहने से नागपुर सर्कल में बिजली रखरखाव सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में MSEDCL प्रशासन को तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए सभी लंबित मांगों का समाधान करना चाहिए, ताकि बिजली उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और आवश्यक रखरखाव कार्य सुचारु रूप से जारी रह सकें।