
Image Source:(Internet)
मुंबई: अभिनेता गौरव खन्ना ने पत्नी आकांक्षा चमोला द्वारा अलगाव और तलाक की पुष्टि के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। गौरव हाल ही में आगामी सीजन के प्रमोशन के लिए लाफ्टर शेफ्स के सेट पर पहुंचे थे। इस दौरान पैपराजी से बातचीत में जब उनसे हालचाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "बस यार, वही हाल है जो पहले था। प्यार आज भी उतना ही है, सपोर्ट भी उतना ही है। मैं हमेशा आकांक्षा को सपोर्ट करूंगा, वह मेरी पत्नी है। प्यार किया है तो पीछे क्यों हटूं?" गौरव ने आगे आकांक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, "ऑल द बेस्ट टू आकांक्षा। पूरी जिंदगी उसके साथ खड़ा हूं।" गौरव के इस बयान को सोशल मीडिया पर काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और कई लोग उनके परिपक्व रवैये की सराहना कर रहे हैं।
'लॉक अप' में आकांक्षा ने किया था अलगाव का खुलासा
दरअसल, नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉक अप: सच या सज़ा के पहले ही एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया था कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके रिश्ते में किसी तरह की कड़वाहट नहीं है। आकांक्षा ने कहा, "मेरे और गौरव के बीच सब कुछ खराब नहीं है। आज भी हमारी बातचीत होती है। लेकिन हमें महसूस हुआ कि जीवन और भविष्य को लेकर हमारी सोच अलग है। हम पार्टनर के तौर पर एक-दूसरे के लिए उपयुक्त नहीं हैं और दुर्भाग्य से हमारा भविष्य साथ नहीं है।" इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
बच्चे न चाहने का फैसला बना रिश्ते में दूरी की वजह
शो के तीसरे एपिसोड में आकांक्षा ने अपने रिश्ते के टूटने की असली वजह भी साझा की। उन्होंने बताया कि वह कभी भी मां बनने की इच्छा महसूस नहीं कर पाईं, जबकि समय के साथ गौरव की बच्चों की चाहत बढ़ गई। आकांक्षा ने कहा कि शादी के शुरुआती दिनों में उन्होंने इस भावना को समझने की कोशिश की, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि वह मातृत्व के लिए खुद को तैयार नहीं पातीं। उन्होंने बताया, "मैंने बहुत पहले ही गौरव से कह दिया था कि मुझमें मां बनने की सहज भावना नहीं है। जब मुझे यह पूरी तरह समझ में आ गया कि मैं इसके लिए नहीं बनी हूं, तब मैंने साफ कह दिया कि मैं बच्चे नहीं चाहती। अगर वह इस वजह से मुझे छोड़ना चाहते हैं, तो यह उनका अधिकार है।" आकांक्षा का कहना है कि इस विषय पर दोनों के बीच खुलकर बातचीत हुई और इसके बाद उन्होंने अलग होने का निर्णय लिया।
2016 में हुई थी शादी
गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने 24 नवंबर 2016 को गौरव के गृह नगर कानपुर में तीन दिनों तक चले भव्य समारोह में विवाह किया था। लगभग एक दशक साथ रहने के बाद अब दोनों ने अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया है। हालांकि, दोनों के बयानों से यह स्पष्ट है कि उनके बीच आज भी सम्मान और संवाद कायम है। जहां आकांक्षा ने रिश्ते के अंत की वजह को जीवन की अलग प्राथमिकताओं और मातृत्व को लेकर अपने फैसले से जोड़ा है, वहीं गौरव ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन जारी रखने की बात कही है। ऐसे में यह मामला उन दुर्लभ उदाहरणों में शामिल हो गया है, जहां तलाक की प्रक्रिया के बावजूद दोनों पक्ष एक-दूसरे के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त करते नजर आ रहे हैं।