5 जुलाई को गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग रजिस्टर मैरिज कर सकते हैं आमिर खान

    01-Jul-2026
Total Views |
- मुंबई स्थित घर में सादगी से होने की चर्चा
- परिवार और करीबी दोस्त होंगे शामिल

Image Source:(Internet)

मुंबई: अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई को शादी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों मुंबई स्थित आमिर के घर पर बेहद सादगीपूर्ण तरीके से रजिस्टर मैरिज करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, समारोह में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही मौजूद रहेंगे। आमिर पहले भी यह संकेत दे चुके हैं कि यदि शादी होती है तो वह इसे बेहद निजी और साधारण रखना चाहेंगे। हालांकि, इस संबंध में अभिनेता या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में शादी की तारीख और आयोजन को लेकर चल रही जानकारी को फिलहाल रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है।

दो दशक पुरानी दोस्ती, बाद में रिश्ते में बदली
आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब दो दशकों से जानते हैं। लंबे समय तक दोनों अच्छे दोस्त रहे, लेकिन बाद में उनकी दोस्ती रिश्ते में बदल गई। आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर सार्वजनिक रूप से गौरी के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि की थी और बताया था कि दोनों रिलेशनशिप में हैं तथा साथ रह रहे हैं। गौरी मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और ब्यूटी एवं वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी हैं। वह अपनी मां द्वारा शुरू किए गए सैलून व्यवसाय का संचालन करती हैं। इसके अलावा, वह आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ भी काम कर चुकी हैं। गौरी हमेशा से लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी बहुत कम नजर आती हैं।

दो शादियां और तलाक के बाद नई शुरुआत की चर्चा
आमिर खान की पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जो 2002 में समाप्त हो गई। इस विवाह से उनके दो बच्चे, जुनैद और आयरा हैं। इसके बाद उन्होंने 2005 में किरण राव से शादी की, लेकिन 2021 में दोनों ने अलग होने की घोषणा कर दी। किरण और आमिर का एक बेटा आजाद है। तलाक के बाद भी आमिर के अपनी दोनों पूर्व पत्नियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं और वे कई पारिवारिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में साथ दिखाई देते हैं। अब यदि शादी की खबरें सही साबित होती हैं, तो यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। हालांकि, प्रशंसकों की नजर अब इस बात पर है कि अभिनेता इस विषय पर आधिकारिक पुष्टि कब करते हैं।