- बजट के साथ दिया आत्मनिर्भरता का संदेश
नागपुर। स्थायी समिति की अध्यक्ष शिवानी दाणी ने शनिवार को अपने सार्वजनिक जीवन का पहला बजट पेश किया। बजट की आर्थिक घोषणाओं के साथ-साथ उनकी प्रस्तुति की शैली भी चर्चा का विषय रही। युवाओं के बीच लोकप्रिय शिवानी दाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को व्यवहार में उतारते हुए स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। विदर्भ के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने वाली दाणी पहले भी कई युवा उद्यमियों का मार्गदर्शन कर चुकी हैं। शनिवार को बजट पेश करने के दौरान उनके हर छोटे-बड़े चयन में स्थानीय प्रतिभा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई दी।
बुनकरों के परिधान से लेकर पर्यावरण-अनुकूल पहल तक
शिवानी दाणी ने बजट प्रस्तुति के लिए नागपुर के हथकरघा बुनकरों द्वारा तैयार किया गया विशेष परिधान पहना। वस्त्रों के माध्यम से उन्होंने स्थानीय बुनकरों की कला और मेहनत को सम्मान देने का प्रयास किया। वहीं, बजट की प्रति भी वह रीसायकल प्लास्टिक से तैयार विशेष पर्यावरण-अनुकूल थैली में लेकर पहुंचीं। इस पहल के जरिए उन्होंने प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत जनप्रतिनिधियों को स्वयं करनी चाहिए। उनका मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि अपने व्यवहार से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे, तो आम नागरिक भी ऐसे प्रयासों से प्रेरित होंगे।
‘मेक इन नागपुर’ स्नीकर पहनकर स्टार्टअप्स का बढ़ाया उत्साह
युवा पीढ़ी की पसंद को ध्यान में रखते हुए शिवानी दाणी ने महाराष्ट्र के पहले ‘मेक इन महाराष्ट्र’ स्नीकर ब्रांड ‘ड्रिफ्ट’ के स्नीकर पहनकर स्थानीय स्टार्टअप और विनिर्माण उद्योग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। स्नीकर के प्रति अपने शौक को उन्होंने स्थानीय उद्यमिता के समर्थन से जोड़ते हुए यह दर्शाया कि रोजमर्रा की पसंद भी ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का हिस्सा बन सकती है। बजट प्रस्तुति के दौरान उनके इन तीन प्रतीकात्मक कदमों ने यह स्पष्ट किया कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर न केवल छोटे उद्योगों और स्टार्टअप्स को नई पहचान दी जा सकती है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की जा सकती है।