मानसून से पहले नागपुर की सड़कें बनीं मुसीबत, अधूरे विकास कार्यों ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

    27-Jun-2026
Total Views |
- सैकड़ों सड़कें खुदी, समय पर नहीं हुआ मरम्मत कार्य

Image Source:(Internet)

नागपुर। मानसून की दस्तक से पहले हशहर की सड़कें लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। शहरभर में सीवरेज लाइन, जलापूर्ति पाइपलाइन, भूमिगत बिजली केबल, सीमेंट रोड और अमृत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों के कारण सैकड़ों सड़कें खुदी हुई हैं। नियमों के अनुसार खुदाई पूरी होने के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों को सड़क की मरम्मत और समतलीकरण करना होता है, लेकिन कई स्थानों पर सड़कें अब भी कंकड़-पत्थरों से भरी पड़ी हैं या पूरी तरह खुली छोड़ दी गई हैं। कई इलाकों में सड़क के बीच या किनारों पर लंबी खाइयां होने से वाहनों को संकरी जगह से गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

विभागों में समन्वय की कमी से बढ़ी समस्या
शहर में विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय की कमी भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। नरेंद्रनगर में चार महीने पहले महावितरण द्वारा भूमिगत केबल बिछाने के लिए खोदी गई सड़क को अब अमृत योजना के तहत फिर से खोदा जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता आर.पी. जोशी का कहना है कि किसी भी विभाग द्वारा दूसरे विभाग के कार्यों की निगरानी नहीं की जा रही है, जिसके कारण एक ही सड़क बार-बार खोदी जा रही है और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है।

बारिश में बढ़ेगा जलभराव और हादसों का खतरा

मानसून शुरू होने के साथ ही इन अधूरी खुदाई वाली सड़कों पर जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश का पानी गड्ढों और खाइयों को ढक देगा, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होगा और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का जोखिम कई गुना बढ़ जाएगा। नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और विकास कार्य पूरे नहीं किए गए तो पूरे मानसून के दौरान शहरवासियों को ट्रैफिक जाम, वाहन क्षति और दुर्घटनाओं जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।