केतन अग्रवाल हत्याकांड: 'अगर बेटी दोषी है तो उसी जगह से फेंक दो', सिया गोयल की मां का बड़ा बयान

    26-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

पुणे: कथित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता पहली बार खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे भी कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस बीच मामले में एक नया मोड़ तब आया जब लोहागढ़ किले पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने घटना के तुरंत बाद का घटनाक्रम साझा किया। पुलिस पहले ही इस मामले में सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को आरोपी बना चुकी है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

'केतन मेरे बेटे जैसा था, दोषी कोई भी हो बख्शा न जाए'
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन अग्रवाल की मौत की खबर ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने कहा कि केतन एक बेहद स्नेही, प्रतिभाशाली और अच्छे स्वभाव का युवक था, जिससे उनका गहरा लगाव था। उन्होंने कहा, "मैं आज भी इस घटना पर विश्वास नहीं कर पा रहा हूं। किसी भी माता-पिता के लिए अपने बेटे को खोने से बड़ा दुख नहीं हो सकता। कुछ ही दिन पहले सभी ने मिलकर सिया का जन्मदिन मनाया था और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की थी।" उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

'अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसी जगह से फेंक दो'
सिया की मां पूजा गोयल ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे ने दो परिवारों की जिंदगी तबाह कर दी है। उन्होंने कहा, "जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो मैं स्तब्ध रह गई। बार-बार यही सोच रही थी कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। केतन का परिवार असहनीय पीड़ा से गुजर रहा है और हमारा परिवार भी इस दुख से टूट चुका है।" उन्होंने कहा कि न्याय किसी रिश्ते का मोहताज नहीं होना चाहिए। उनका कहना था, "यदि इस मामले में मेरी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी सबसे कठोर सजा मिलनी चाहिए। अगर वह दोषी है तो उसे उसी जगह से फेंक देना चाहिए, जहां से केतन गिरा था।"

सुरक्षा गार्ड ने बताई घटना के बाद की पूरी कहानी
मामले में लोहागढ़ किले के सुरक्षा गार्ड धीरज जाधव का बयान भी जांच के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जाधव ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक चीखने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वह तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर सिया गोयल लगातार "हेल्प... हेल्प..." चिल्ला रही थी। पूछने पर उसने बताया कि एक व्यक्ति किले से नीचे गिर गया है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जाधव ने बताया कि किले पर चौबीसों घंटे सुरक्षा रहती है और पास में पुलिस चौकी भी मौजूद है, हालांकि कई बार मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण सूचना देने में परेशानी होती है। पुलिस अब गार्ड के बयान सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।