मुंबई। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ (Alpha) का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है और इसके साथ ही दर्शकों का इंतजार भी खत्म हो गया। 2 मिनट 33 सेकंड के इस ट्रेलर में एक्शन, इमोशन और रोमांच का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलता है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा बनी ‘अल्फा’ को लेकर लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई थी और ट्रेलर ने दर्शकों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि फिल्म में आलिया पहली बार इतने दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं।
सीता के नए रूप में दिखीं आलिया भट्ट
ट्रेलर की शुरुआत एक बच्चे के दृश्य से होती है, जहां बॉबी देओल का किरदार ‘फतेह’ उसका नाम ‘सीता’ रखता है। इसके बाद दिखाया जाता है कि कैसे इस बच्ची को एक घातक एजेंट के रूप में तैयार किया जाता है, जिसे केवल आदेशों का पालन करना और दुश्मनों का खात्मा करना सिखाया जाता है। ट्रेलर में आलिया की आवाज सुनाई देती है, जो एक राजकुमारी और राक्षस की कहानी बयां करती है। हालांकि यह कहानी रामायण से प्रेरित होते हुए भी अलग मोड़ लेती है। यहां सीता किसी के बचाने का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद अपने दुश्मनों का सामना करती है। ट्रेलर का संवाद—“सीता लंका खुद जलाने आई है”—दर्शकों के बीच खास चर्चा का विषय बन गया है।
शरवरी की भूमिका और फतेह का खतरा
फिल्म के टीजर में सीमित स्क्रीन टाइम को लेकर हुई चर्चाओं के बाद ट्रेलर में शरवरी के किरदार को अधिक महत्व दिया गया है। शुरुआत में सीता और शरवरी के किरदारों के बीच अविश्वास दिखाई देता है, लेकिन आगे चलकर दोनों एक साझा मिशन के लिए साथ आते नजर आते हैं। वहीं, अनिल कपूर एक मार्गदर्शक की भूमिका में दिखाई देते हैं, जो इन एजेंट्स का नेतृत्व करते हैं। दूसरी ओर, बॉबी देओल का किरदार ‘फतेह’ एक ऐसे पूर्व जासूस के रूप में सामने आता है, जो अब देश के खिलाफ खड़ा हो गया है। ट्रेलर में उसका संवाद—“इंडिया ने अल्फा की कदर नहीं की, अब इंडिया अल्फा से डरेगा”—उसकी खतरनाक मंशा को दर्शाता है।
ऋतिक रोशन के कैमियो ने बढ़ाया उत्साह
ट्रेलर के अंतिम क्षणों में एक रहस्यमयी किरदार की झलक दिखाई जाती है, जिसने प्रशंसकों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। फैंस ने तुरंत पहचान लिया कि यह कोई और नहीं बल्कि ऋतिक रोशन हैं, जो ‘वॉर’ और ‘वॉर 2’ के अपने लोकप्रिय किरदार मेजर कबीर धालीवाल के रूप में लौट रहे हैं। हालांकि उनकी भूमिका कितनी बड़ी होगी, इसका खुलासा फिल्म रिलीज के बाद ही होगा। सोशल मीडिया पर ऋतिक के कैमियो को लेकर चर्चा तेज हो गई है और प्रशंसक इसे स्पाई यूनिवर्स के विस्तार के रूप में देख रहे हैं।
स्पाई यूनिवर्स की नई कड़ी बनेगी ‘अल्फा’
शिव रवैल के निर्देशन में बनी और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित ‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स के सफल स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है। इससे पहले ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में दर्शकों को रोमांचित कर चुकी हैं। फिल्म की कहानी उदय चोपड़ा ने तैयार की है, जबकि पटकथा सौमिल शुक्ला और श्रीधर राघवन ने लिखी है। दमदार स्टारकास्ट और हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरपूर ‘अल्फा’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है।