दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भवन में भीषण आग, एसी में स्पार्किंग से हादसे की आशंका

    01-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नई दिल्ली। दिल्ली के आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) भवन में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग भवन की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां फैकल्टी कक्ष और कार्यालय स्थित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले एक एयर कंडीशनर (एसी) यूनिट से धुआं और स्पार्किंग दिखाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान में प्रशासनिक कार्यालयों के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियां भी संचालित होती हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही भवन में मौजूद लोगों को सतर्क किया गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

समय रहते छात्रों और शिक्षकों को निकाला
अधिकारियों के अनुसार आग लगने के बाद संस्थान में मौजूद सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि तेज गर्मी और चल रही हवाओं के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग दूसरी मंजिल से फैलकर कम से कम तीन कमरों तक पहुंच गई और बाद में तीसरी मंजिल के कुछ हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। भवन के कई हिस्सों में घना धुआं भर गया, जिससे बचाव कार्य में भी चुनौतियां सामने आईं। प्रशासन ने पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा लिया और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

करीब 50 मिनट की मशक्कत फिर आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने स्काई लिफ्ट की मदद से भवन की ऊपरी मंजिलों और बालकनियों तक पानी पहुंचाया। लगभग 50 मिनट तक चले राहत एवं अग्निशमन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में एसी यूनिट में आई तकनीकी खराबी या स्पार्किंग को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आग से कुछ कार्यालय कक्षों और वहां रखे दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा हो सकता है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।