असम और पुडुचेरी में भी भाजपा की सफलता विकास की राजनीति की जीत - राघव चड्डा

    04-May-2026
Total Views |
बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पर बड़ा बयान

Raghav ChadhaImage Source:(Internet) 
 
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी में हाल ही में शामिल हुए राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में बीजेपी की शानदार जीत पर पार्टी नेतृत्व को बधाई दी है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल में बीजेपी के ऐतिहासिक प्रदर्शन को उन्होंने भारतीय राजनीति में एक बड़ा बदलाव बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में चड्ढा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत “ऐतिहासिक और निर्णायक” है। राज्य में बीजेपी पहली बार बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचती दिखाई दे रही है। चुनावी रुझानों के अनुसार पार्टी 148 के जादुई आंकड़े को पार करती नजर आ रही है। भाजपा ने 91 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 115 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि लंबे समय से सत्ता में रही Mamata Banerjee की तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
 
 
मोदी-शाह नेतृत्व को बताया जीत का आधार
राघव चड्ढा ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की रणनीति और नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व, अमित शाह की रणनीतिक सोच और संगठन की मेहनत का परिणाम है। चड्ढा ने लिखा कि असम और पुडुचेरी के नतीजे भी यह दिखाते हैं कि जनता विकास, मजबूत शासन और स्थिर नेतृत्व पर भरोसा जता रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में भाजपा की यह बढ़त पूर्वी भारत की राजनीति में नए समीकरण तैयार कर सकती है।
 
राज्यसभा में बढ़ी बीजेपी की ताकत
इन चुनावी नतीजों के बीच हाल ही में हुए एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम ने भी राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। पंजाब से आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों जिनमें राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शामिल हैं ने बीजेपी में विलय कर लिया। इस कदम से राज्यसभा में बीजेपी की संख्या बढ़कर 113 हो गई है। वहीं आम आदमी पार्टी की ताकत घटकर केवल तीन सदस्यों तक सीमित रह गई है। राजनीतिक जानकार इसे विपक्ष के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं। बीजेपी का दावा है कि यह बदलाव पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती पकड़ को दर्शाता है।
 
“गंगोत्री से गंगासागर तक मोदीमय भारत”
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने भी चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “गंगोत्री से गंगासागर तक मोदीमय भारत” करार दिया। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा को मिल रहा समर्थन प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और सरकार की कार्यशैली पर जनता के भरोसे को दिखाता है। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली जीत ने बीजेपी की राष्ट्रीय उपस्थिति को और मजबूत किया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इन परिणामों के बाद आगामी राज्यों के चुनावों में भी बीजेपी को मनोवैज्ञानिक बढ़त मिल सकती है, जबकि विपक्षी दलों के सामने अपनी रणनीति नए सिरे से तैयार करने की चुनौती खड़ी हो गई है।