- 17 में से 16 सीटों पर बनी सहमति
- संभाजीनगर-जालना पर पेंच कायम
ImgSource(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर महायुति गठबंधन में सीट बंटवारे की चर्चा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, महायुति का सीट शेयरिंग फॉर्मूला आज या कल तक आधिकारिक रूप से घोषित किया जा सकता है। अब तक 17 में से 16 सीटों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट को लेकर अभी भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना के बीच विवाद बना हुआ है। दोनों दल इस सीट पर अपना दावा ठोक रहे हैं। स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनावों के आंकड़ों के आधार पर बीजेपी का 14 सीटों पर प्रभाव माना जा रहा है, लेकिन सहयोगी दलों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने के लिए बीजेपी कुछ सीटें छोड़ने को तैयार हुई है। माना जा रहा है कि महायुति में बीजेपी 10, शिवसेना 4 और एनसीपी 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
शिवसेना और एनसीपी को मिली अहम सीटें
सूत्रों के अनुसार, शिवसेना को ठाणे, यवतमाल, नाशिक और परभणी-हिंगोली सीटें मिल सकती हैं। वहीं एनसीपी को पुणे और रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग यानी कोंकण क्षेत्र की सीट मिलने की संभावना है। इसके अलावा बाकी सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार उतार सकती है। बीजेपी के खाते में नागपुर, अहिल्यानगर, धुले-जलगांव, सोलापुर, लातूर, नांदेड़, अमरावती, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, भंडारा-गोंदिया और सातारा-सांगली जैसी सीटें जाने की चर्चा है। हालांकि छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट को लेकर अभी अंतिम फैसला बाकी है। इस सीट पर बीजेपी और शिवसेना दोनों ही अपने राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक ताकत का हवाला दे रहे हैं।
जल्द होगा अंतिम फैसला
विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख अगले महीने की पहली तारीख तय की गई है। ऐसे में महायुति नेतृत्व जल्द से जल्द सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटा है। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि संभाजीनगर-जालना सीट पर सहमति बनते ही पूरे फॉर्मूले की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। इस बीच महायुति के भीतर सीटों को लेकर लगातार बैठकों और चर्चा का दौर जारी है। माना जा रहा है कि आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सहयोगी दलों के बीच संतुलन साधने की रणनीति अपनाई जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अंतिम समय में संभाजीनगर-जालना सीट किस दल के खाते में जाती है।