दिल्ली में सीजन का पहला गंभीर हीट स्ट्रोक मामला! ट्रेन से सफर कर रहे 24 वर्षीय युवक की हालत नाजुक

    21-May-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इस गर्मी के मौसम का पहला गंभीर हीट स्ट्रोक (लू) का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल के 24 वर्षीय युवक को गुरुवार तड़के बेहोशी की हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल लाया गया, जहां उसे तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सुविधा में भर्ती किया गया। युवक ट्रेन से यात्रा कर रहा था और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों के अनुसार मरीज को 21 मई की रात करीब 1:45 बजे अस्पताल लाया गया। अस्पताल की विशेष हीटवेव क्लिनिक टीम ने तत्काल जीवन रक्षक उपचार शुरू किया और शरीर के असामान्य रूप से बढ़े तापमान को नियंत्रित करने के लिए विशेष चिकित्सा प्रक्रिया अपनाई।

अचानक उल्टी, कमजोरी और बेहोशी के बाद अस्पताल में भर्ती
आरएमएल अस्पताल के नोडल अधिकारी ने बताया कि युवक को पहले उल्टी, अत्यधिक थकान और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। डॉक्टरों ने तत्काल उसे ठंडा करने के लिए गर्दन तक पानी और बर्फ के मिश्रण में रखा, ताकि शरीर का तापमान तेजी से कम किया जा सके। इसके बाद मरीज को मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार युवक को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, लेकिन भीषण गर्मी के कारण उसकी स्थिति अचानक गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल मरीज की हालत नाजुक बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

डॉक्टरों की चेतावनी— हीट स्ट्रोक जानलेवा, बरतें सावधानी
आरएमएल अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. अजय चौहान ने लोगों से गर्मी को हल्के में न लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हीट स्ट्रोक या लू एक जानलेवा स्थिति बन सकती है, खासकर तब जब शरीर लंबे समय तक अत्यधिक तापमान के संपर्क में रहे। मौसम विभाग द्वारा जारी हीटवेव अलर्ट को देखते हुए लोगों को लगातार पानी पीने, नमक और इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थ लेने तथा पारंपरिक ठंडे पेय का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही धूप में अधिक समय तक रहने से बचने और शारीरिक गतिविधियों के दौरान बार-बार छांव में आराम करने की भी अपील की गई है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और हृदय या किडनी संबंधी मरीजों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

दिल्ली सरकार मिशन मोड में, राहत के लिए विशेष इंतजाम
दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा और राहत सुनिश्चित करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सड़कों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट तैनात की गई हैं। इन इकाइयों के जरिए ठंडा और स्वच्छ पेयजल, ओआरएस पैकेट, प्राथमिक उपचार, सूती गमछे और टोपी वितरित की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों में वाटर बेल सिस्टम, अस्पतालों में कूल रूम और अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस बीच डॉक्टरों ने बताया कि दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के कारण डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।