इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जलवा, फॉलोअर्स के मामले में BJP और कांग्रेस को छोड़ा पीछे

    21-May-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नई दिल्ली: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक नई और अनोखी राजनीतिक पहल चर्चा का केंद्र बनी हुई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) नाम से शुरू हुई इस व्यंग्यात्मक पहल ने इंस्टाग्राम पर 14 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि इसने देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को भी पीछे छोड़ दिया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार BJP के लगभग 8.8 मिलियन और कांग्रेस के करीब 13.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

व्यंग्य से शुरू हुई पहल, सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत 16 मई को हुई थी। बताया जा रहा है कि यह पहल भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की उस टिप्पणी के बाद सामने आई, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से किए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। इसी के जवाब में इसे एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में शुरू किया गया। कुछ ही दिनों में इस पार्टी ने युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली। दावा किया गया है कि पार्टी ने केवल पांच दिनों के भीतर छह लाख से अधिक समर्थक जोड़ लिए।

संविधान और पांच सूत्रीय एजेंडे का दावा
कॉकरोच जनता पार्टी खुद को केवल एक वायरल ट्रेंड नहीं बल्कि संविधान के मूल्यों से जुड़ा अभियान बता रही है। पार्टी का कहना है कि वह भारतीय संविधान में विश्वास रखती है और उसके संरक्षण के लिए काम करेगी। पार्टी ने अपना पांच सूत्रीय घोषणापत्र भी जारी किया है। इसमें एक प्रस्ताव यह भी शामिल बताया गया है कि यदि कभी CJP सत्ता में आती है तो किसी भी मुख्य न्यायाधीश को राज्यसभा में नियुक्ति नहीं दी जाएगी। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर पार्टी के समर्थन और आलोचना दोनों देखने को मिले।

एक्स अकाउंट रोका गया, हैकिंग की कोशिश का दावा
इस बीच पार्टी को लेकर एक और चर्चा तब शुरू हुई जब उसका एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भारत में रोके जाने की खबर सामने आई। पार्टी के संस्थापक अभिजीत डिपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उनकी पार्टी के इंस्टाग्राम हैंडल और उनके व्यक्तिगत अकाउंट को हैक करने की कोशिशें भी की जा रही हैं। वहीं, इस पहल को कुछ प्रमुख राजनीतिक हस्तियों का समर्थन मिलने की भी चर्चा है, जिनमें तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा और सांसद कीर्ति आजाद के नाम सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से उभरी यह पहल अब केवल एक वायरल ट्रेंड नहीं बल्कि डिजिटल राजनीतिक अभिव्यक्ति की नई मिसाल के रूप में देखी जा रही है।