
Image Source:(Internet)
नई दिल्ली/बेंगलुरु: गुरुवार को दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI2651 लैंडिंग के दौरान टेल-स्ट्राइक की घटना का शिकार हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर उतर गया और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सामान्य रूप से विमान से बाहर निकल गए। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। टेल-स्ट्राइक ऐसी स्थिति होती है जब उड़ान भरने या उतरने के दौरान विमान का पिछला हिस्सा (टेल सेक्शन) रनवे को छू लेता है। इसे विमानन क्षेत्र में गंभीर तकनीकी घटना माना जाता है, जिसके बाद विमान की विस्तृत जांच आवश्यक होती है।
वापसी की उड़ान रद्द, यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
घटना के बाद एहतियात के तौर पर संबंधित विमान को तत्काल ग्राउंड कर दिया गया है और उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। इसके चलते बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान AI2652 को रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है ताकि उन्हें न्यूनतम असुविधा हो। कंपनी की ग्राउंड टीम बेंगलुरु में यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस घटना से हुई असुविधा के लिए एयरलाइन खेद व्यक्त करती है।
नियामकीय एजेंसियों के साथ होगी जांच
एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस घटना की जांच स्थापित प्रक्रियाओं के तहत नियामकीय अधिकारियों के समन्वय से की जाएगी। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी एयर इंडिया की मुंबई से भोपाल जाने वाली उड़ान AI633 में संदिग्ध तकनीकी समस्या सामने आने पर विमान की भोपाल में एहतियातन लैंडिंग कराई गई थी। उस दौरान भी सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे थे तथा बाद में विमान की जांच कर यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।