मोदी–मेलोनी की ‘मेलोडी’ ने इंटरनेट पर मचाई धूम, कुछ घंटों में 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज

    20-May-2026
Total Views |
 
Modi-Meloni
Image Source:(Internet)
 
नई दिल्ली/रोम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Modi) और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई एक हल्की-फुल्की और दोस्ताना मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। रोम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को ‘Melody’ टॉफियां उपहार में दीं, जिसका वीडियो कुछ ही घंटों में इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ से अधिक बार देखा गया। वहीं, एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी इस वीडियो को 74 लाख से ज्यादा व्यूज मिले। इस वीडियो में दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक और सहज बातचीत ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और इंटरनेट पर इसे भारत–इटली दोस्ती के नए प्रतीक के रूप में देखा जाने लगा।
 
 
सोशल मीडिया पर छाया ‘Melody’ मोमेंट
प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी के बीच पहले से ही सोशल मीडिया पर लोकप्रिय ‘Melody’ ट्रेंड को इस मुलाकात ने नया आयाम दे दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे दोनों नेताओं की अच्छी समझ और सकारात्मक संबंधों का प्रतीक बताया। मुलाकात के बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को इस उपहार के लिए धन्यवाद दिया और इस मजेदार इंटरनेट ट्रेंड का भी जिक्र किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने सहज माहौल में बातचीत की और तस्वीरें भी साझा कीं, जिन्हें व्यापक प्रतिक्रिया मिली।
 
रोम में डिनर से लेकर कोलोसियम तक हुई अहम बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में रोम पहुंचे थे, जहां प्रधानमंत्री मेलोनी ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने पहले डिनर पर मुलाकात की और उसके बाद ऐतिहासिक कोलोसियम का दौरा किया। इस दौरान दोनों के बीच कई महत्वपूर्ण वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में मुलाकात की झलकियां साझा करते हुए कहा कि भारत और इटली के संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए बातचीत आगे भी जारी रहेगी। मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “माय फ्रेंड” कहकर संबोधित किया।
 
भारत–इटली संबंध बने ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’
इस मुलाकात का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम भारत और इटली के संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक बढ़ाना रहा। दोनों देशों ने भारत–इटली संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना 2025–2029 को भविष्य की साझेदारी का आधार बताया। संयुक्त प्रेस वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ती बैठकों और संवाद से आपसी विश्वास और सहयोग मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच व्यापार 20 अरब यूरो के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और भारत में कार्यरत 400 से अधिक इतालवी कंपनियां विकास में योगदान दे रही हैं। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), क्वांटम तकनीक, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा, अंतरिक्ष और स्टार्टअप नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।