Image Source:(Internet)
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम (Bargi Dam) में हुए दर्दनाक क्रूज बोट हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक मां अपने बच्चे को सीने से लगाए दिखाई दे रही थी। दावा किया गया कि यह तस्वीर हादसे में जान गंवाने वाली मां और उसके चार साल के बेटे की अंतिम तस्वीर है। तस्वीर ने लोगों को भावुक कर दिया और देखते ही देखते व्हाट्सऐप, फेसबुक और एक्स पर लाखों बार साझा की जाने लगी। हालांकि अब जबलपुर जिला प्रशासन ने इस वायरल दावे को पूरी तरह गलत बताया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तस्वीर का बरगी डैम हादसे से कोई संबंध नहीं है और यह या तो एआई से बनाई गई है या किसी अन्य घटना की तस्वीर है। जबलपुर कलेक्टर के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी बयान में कहा गया कि “यह तस्वीर पूरी तरह भ्रामक है और इसका बरगी क्रूज हादसे से कोई लेना-देना नहीं है।” प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भावनात्मक सामग्री को बिना जांचे साझा न करें।
खराब मौसम बना हादसे की वजह, 9 लोगों की मौत
गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे बरगी डैम में पर्यटकों से भरी एक क्रूज बोट पलट गई थी। नाव में करीब 40 लोग सवार थे। हादसा खमरिया टापू के पास हुआ, जो नर्मदा नदी पर बने इस जलाशय का एक प्रमुख पर्यटन स्थल माना जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अचानक तेज हवा और भारी बारिश के कारण डैम का पानी उफान पर आ गया, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर डूब गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और कुछ लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
लापरवाही के आरोप, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और क्रूज संचालकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हादसे में अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले ग्लैडविन नामक युवक ने आरोप लगाया कि लोगों ने खराब मौसम के चलते आगे न जाने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद क्रूज को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि नाव काफी पुरानी थी और यात्रियों को समय पर लाइफ जैकेट तक उपलब्ध नहीं कराई गईं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री Narendra Modi ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।