
Image Source:(Internet)
नागपुर। जरीपटका इलाके में बुधवार को एलपीजी गैस की भारी किल्लत के चलते एक गैस एजेंसी के गोदाम पर अफरा-तफरी मच गई। HP Gas एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर रिफिलिंग के लिए कतार में खड़े थे, लेकिन लंबे समय तक सप्लाई नहीं पहुंचने से लोगों का गुस्सा बढ़ता गया। इंतजार से परेशान कुछ लोग कथित तौर पर भरे हुए सिलेंडर लेकर मौके से भाग गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
गोदाम में घुसकर उठाए सिलेंडर
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में पिछले कुछ दिनों से गैस की कमी बनी हुई है, जिसके कारण लोग सुबह से ही गोदाम के बाहर इकट्ठा हो रहे थे। घंटों इंतजार के बावजूद जब सिलेंडर की सप्लाई नहीं आई तो लोगों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी बीच कुछ लोगों ने गोदाम परिसर में घुसकर भरे हुए सिलेंडर उठा लिए और वहां से चले गए। इस घटनाक्रम से एजेंसी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। गोदाम के अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी घटना गैस की गंभीर कमी के कारण हुई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उठाए गए सिलेंडर वापस कर दिए हैं, जबकि कुछ अब भी वापस नहीं किए गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।