भीषण गर्मी से झुलसा विदर्भ, कई जिलों में 42 डिग्री के पार तापमान

    16-Apr-2026
Total Views |
- नागरिकों से सावधानी बरतने की सलाह
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। विदर्भ क्षेत्र इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां मंगलवार को कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान अकोला में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमरावती में 44.0 और वर्धा में 43.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। नागपुर में 43.4 डिग्री, चंद्रपुर और गढ़चिरौली में 42.6-42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बुलढाणा (42.2), यवतमाल (42.8), गोंदिया (42.0) और भंडारा (41.0) जिलों में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला। वाशिम जिले के तापमान के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके।

आईएमडी का येलो अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर
लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने विदर्भ के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है। प्रशासन ने भी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

वर्धा में स्कूल बंद

भीषण गर्मी को देखते हुए वर्धा जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बुधवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में ज्यादा देर तक न रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गई, तो लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।