छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा! वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट! 19 की मौत

    15-Apr-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंहितराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में बुधवार दोपहर एक भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब बड़ी संख्या में कर्मचारी प्लांट के अंदर काम कर रहे थे। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में भी इसकी आवाज सुनी गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए।

कई घायल, कुछ की हालत गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

राहत-बचाव कार्य जारी, कारणों की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपातकालीन राहत दल मौके पर पहुंच गए और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत टीमों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।