- इंस्टाग्राम लाइव के दौरान की घटना
Image Source:(Internet)
एबी नागपुर।
पूर्व Bigg Boss कंटेस्टेंट और लोकप्रिय यूट्यूबर अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, शनिवार रात दिल्ली–देहरादून हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार, अनुराग इंस्टाग्राम लाइव सेशन कर रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि उस समय कार की स्पीड करीब 160 किमी प्रति घंटा थी। दुर्घटना में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके मैनेजर रोहित पांडे ने रविवार सुबह जानकारी दी कि अनुराग को ICU में रखा गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
80 हजार लोग देख रहे थे लाइव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब हादसा हुआ तब करीब 80 हजार लोग अनुराग डोभाल का इंस्टाग्राम लाइव देख रहे थे। बताया जाता है कि लाइव के दौरान वह भावुक नजर आए और अपने माता-पिता से कहते सुने गए कि “अगले जन्म में मुझे बस प्यार देना।” उन्होंने अपनी यात्रा को “फाइनल ड्राइव” भी बताया था। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 10:20 बजे हुई, जब अनुराग मेरठ से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उनकी SUV हवा हवाई रेस्टोरेंट के पास डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद वाहन दूसरी लेन में जा गिरा और कई बार पलट गया। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
पत्नी और ससुराल पक्ष अस्पताल पहुंचा
अनुराग डोभाल की तबीयत को लेकर उनके मैनेजर रोहित पांडे लगातार अपडेट दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि अनुराग की पत्नी Ritika Chauhan Dobhal और उनके परिवार के सदस्य अस्पताल में मौजूद हैं और उनकी देखभाल कर रहे हैं। हालांकि, अब तक अनुराग के परिवार की ओर से कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा है। मैनेजर ने लोगों से अपील की है कि अफवाह न फैलाएं और इस मुश्किल समय में किसी के खिलाफ नफरत फैलाने से बचें। उन्होंने सभी से अनुराग के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की भी अपील की है।
पिता ने संपत्ति से बेदखल करने की घोषणा की: रिपोर्ट
इसी बीच अनुराग डोभाल के पारिवारिक विवाद की खबरें भी सामने आई हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पिता Jagdamba Prasad Dobhal ने एक स्थानीय अखबार में घोषणा प्रकाशित कर अनुराग और उनकी पत्नी को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। इस घोषणा में कहा गया है कि भविष्य में अनुराग और उनकी पत्नी द्वारा किए जाने वाले किसी भी कार्य या लेन-देन की जिम्मेदारी परिवार की नहीं होगी। दरअसल, कुछ दिन पहले अनुराग ने एक दो घंटे का व्लॉग जारी कर अपने माता-पिता और भाई पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था, जिससे पारिवारिक तनाव की खबरें सुर्खियों में आ गई थीं।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और सेलेब्स ने जताई चिंता
दुर्घटना की खबर सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और सेलेब्रिटीज ने अनुराग के समर्थन में संदेश साझा किए हैं। स्टैंड-अप कॉमेडियन Munawar Faruqui, Aly Goni, Abhishek Kumar, Prince Narula, Elvish Yadav और Manisha Rani समेत कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं Mr. Faisu ने कहा कि यह घटना इस बात का सबक है कि लोगों को अपनी भावनाएं दबाकर नहीं रखनी चाहिए और मुश्किल समय में किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर भी उनके फैंस लगातार उनके जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।