- सुजलाम-सुफलाम सावनेर की दिशा में नई शुरुआत!

नागपुर : सावनेर क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 31 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से सावनेर को “सुजलाम-सुफलाम” बनाने की दिशा में एक मजबूत शुरुआत हुई है। कार्यक्रम के दौरान सावनेर की मुख्य सड़क के सौंदर्यीकरण और मौनी बाबा आश्रम के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्य मंत्री आशीष जैस्वाल और विधायक आशीष देशमुख सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
औद्योगिक परियोजनाओं से रोजगार को बढ़ावासीएम फडणवीस ने अपने संबोधन में बताया कि सावनेर क्षेत्र में फर्टिलाइजर और कोल गैसीफिकेशन जैसे दो बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं के जरिए लगभग 40 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आएगा। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के लिए विधायक डॉ. आशीष देशमुख द्वारा केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास किए गए हैं। सीएम फडणवीस ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से सावनेर क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
राम नवमी पर विश्व महाआरती का रिकॉर्डराम नवमी के पावन अवसर पर सावनेर नगर परिषद मैदान में विश्व शांति के लिए भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में 4911 श्रद्धालुओं ने एक साथ गणपति की महाआरती की। इस भव्य आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली, जब गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स के अधिकारियों ने इसे आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड घोषित किया। मुख्यमंत्री ने इसे भारत की शांति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए आयोजकों को बधाई दी।
सड़क और आश्रम विकास पर विशेष जोरसावनेर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सेंट्रल रोड फंड से 26 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा, 5 करोड़ रुपये की लागत से मौनी बाबा आश्रम के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के आदर्श समाज में समानता और सद्भाव का संदेश देते हैं, और इसी भावना के साथ इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से सावनेर क्षेत्र न केवल आर्थिक रूप से मजबूत होगा, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी समृद्ध बनेगा।