आतंकवाद और कट्टरपंथ वैश्विक चुनौती, भारत-कनाडा सहयोग जरूरी – पीएम मोदी

    02-Mar-2026
Total Views |
- संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी का बड़ा बयान

India Canada cooperationImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Modi) ने सोमवार को कहा कि आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ केवल भारत और कनाडा के लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए गंभीर और साझा चुनौतियां हैं। नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क करनेय के साथ आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग बेहद आवश्यक है। मोदी ने कहा कि जब दो लोकतांत्रिक देश साथ खड़े होते हैं तो शांति और स्थिरता की आवाज और मजबूत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का दृष्टिकोण हमेशा वैश्विक शांति और स्थिरता बनाए रखने का रहा है और इसी दिशा में भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देता रहा है।
 
भारत-कनाडा संबंधों में तनाव की पृष्ठभूमि
प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पिछले कुछ वर्षों में भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव देखा गया था। पूर्व कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो के कार्यकाल में 2023 के दौरान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में ठंडापन आ गया था। उस समय कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी गतिविधियों को लेकर भारत ने गंभीर चिंता जताई थी। वहीं ट्रूडो ने आरोप लगाया था कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों की भूमिका हो सकती है। भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया था।
 
कनाडाई खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
इस बीच कनाडा की खुफिया एजेंसी कैनेडियन सिक्युरिटी इंटेलिजेंस सर्विस (सीएसआईएस) की वार्षिक रिपोर्ट में भी खालिस्तानी गतिविधियों को लेकर चिंता जताई गई थी। जून में जारी इस रिपोर्ट में कहा गया था कि खालिस्तानी चरमपंथी कनाडा की जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ प्रचार, धन जुटाने और हिंसक गतिविधियों की योजना बनाने के लिए कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ये गतिविधियां कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय हैं। लंबे समय से भारत इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है और कनाडा से इस दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग करता रहा है।
 
व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति
दोनों देशों के नेताओं की मुलाकात के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए दोनों देशों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई है। मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और भारत के प्रति प्रतिबद्धता से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि दोनों नेता व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे, जिनके सुझावों के आधार पर भविष्य के आर्थिक सहयोग का रोडमैप तैयार किया जाएगा।