महाराष्ट्र में LPG की कोई कमी नहीं: मार्च में पिछले छह महीनों से अधिक सिलेंडर की आपूर्ति

    14-Mar-2026
Total Views |
- अफवाहों से बचने की अपील
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। राज्य में गैस और ईंधन की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण लोगों के बीच गैस और ईंधन की सप्लाई को लेकर भ्रम फैल रहा है, लेकिन राज्य सरकार ने पर्याप्त इंतज़ाम किए हैं। भुजबल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और सरकार द्वारा दी जा रही आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें।

मार्च में सबसे अधिक सिलेंडर की आपूर्ति
मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में घरेलू एलपीजी की रोजाना मांग करीब 9,000 मीट्रिक टन है, जबकि उत्पादन बढ़ाकर लगभग 11,000 मीट्रिक टन कर दिया गया है। इसके चलते मार्च महीने में पिछले छह महीनों की तुलना में सबसे अधिक सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं। भुजबल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह भरोसा दिलाया कि राज्य में गैस और ईंधन की सप्लाई लगातार सामान्य रूप से जारी रहेगी।

जिला स्तर पर बनाई गई विशेष कमेटियां

गैस सप्लाई चेन पर कड़ी निगरानी रखने के लिए राज्य सरकार ने जिला स्तर पर विशेष कमेटियों का गठन किया है। इन कमेटियों का नेतृत्व जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं। सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि अस्पताल, स्कूल, आश्रम स्कूल और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति हो। इसके अलावा, किसी भी तकनीकी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए तालुका और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम और व्हाट्सऐप सुविधा को भी सक्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं। सप्लाई विभाग लगातार पूरे हालात पर नज़र बनाए हुए है।

जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं की शिकायतें
हालांकि सरकार की ओर से गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, लेकिन कई जगहों से उपभोक्ताओं की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कुछ इलाकों में लोगों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। कई शहरों में सुबह से ही एजेंसी कार्यालयों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। इसी पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी बयान देते हुए कहा कि राज्य में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और कुछ राजनीतिक दल लोगों के बीच भ्रम और डर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।