LPG आपूर्ति की अनिश्चितता से शहर के क्लब प्रभावित

    13-Mar-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। पश्चिम एशिया में यूनाइटेड स्टेटस और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब नागपुर के कुछ प्रमुख क्लबों की गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है। एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण कई क्लबों को अपने कार्यक्रमों और सेवाओं में बदलाव करना पड़ रहा है। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन क्लब, जामठा ने 13 मार्च से अगली सूचना तक अपनी डाइन-इन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। वहीं सिविल लाइंस स्थित गोंडवाना क्लब ने 13 से 15 मार्च के बीच आयोजित होने वाला “गोंडवाना सोशल” कार्यक्रम अप्रत्याशित परिस्थितियों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया है।

रसोई संचालन में बदलाव की तैयारी
अमरावती रोड स्थित महाराजबाग क्लब के अधिकारियों का कहना है कि सीमित गैस उपलब्धता के कारण क्लब की रसोई को पारंपरिक लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ सकता है। इसके साथ ही मेन्यू में भी कुछ विकल्पों को सीमित करने की संभावना जताई गई है। हालांकि क्लब फिलहाल खुला रहेगा और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। क्लब प्रबंधन का कहना है कि जैसे-जैसे गैस आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट होगी, उसी के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे ताकि सदस्यों को सेवाएं जारी रखी जा सकें।