कुंभ मेले की ‘मोनालिसा’ ने रचाई शादी, अभिनेता फार्मान खान बने जीवनसाथी

    12-Mar-2026
Total Views |
 
Monalisa
 Image Source:(Internet)
तिरुवनंतपुरम।
महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल वीडियो से रातों-रात चर्चा में आईं मोनालिसा (Monalisa) भोंसले ने अपने बॉयफ्रेंड फार्मान खान से शादी कर ली है। दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित अरुमनूर मंदिर में सादगीपूर्ण समारोह में विवाह किया। शादी के दौरान मोनालिसा लाल साड़ी में नजर आईं, जबकि दूल्हे फार्मान खान ने पारंपरिक सफेद शर्ट और मुंडू पहना हुआ था। इस समारोह में कुछ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह जोड़ा फिर से चर्चा का विषय बन गया है।
 
कौन हैं फार्मान खान?
फार्मान खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, लेकिन वे महाराष्ट्र में रहकर अभिनय और मॉडलिंग के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फार्मान क्षेत्रीय सिनेमा और मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोनालिसा से उनकी मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के माध्यम से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। फार्मान के मुताबिक, पहले मोनालिसा ने ही उन्हें प्रपोज किया था। उस समय उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, लेकिन बाद में दोनों ने एक-दूसरे को समझने के बाद रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया।
 
पुलिस से मांगी सुरक्षा
शादी से पहले मोनालिसा ने केरल पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की थी। पुलिस के अनुसार, वह अपने बॉयफ्रेंड फार्मान खान के साथ थाने पहुंची थीं और आरोप लगाया कि उनके पिता उन्हें जबरन अपने शहर वापस ले जाकर किसी और से शादी करवाना चाहते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोनालिसा ने स्पष्ट कहा कि वह अपने पिता के साथ नहीं जाएंगी और अपनी इच्छा से फार्मान खान से शादी करेंगी। चूंकि वह बालिग हैं, इसलिए कानूनन उन्हें अपनी पसंद से फैसला लेने का अधिकार है। इस दौरान फिल्म यूनिट के कुछ सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे, क्योंकि मोनालिसा इन दिनों केरल में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में आई हुई थीं।
 
फिल्म की शूटिंग के दौरान लिया शादी का फैसला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मोनालिसा इस समय केरल के पूवार इलाके में मलयालम फिल्म ‘नगम्मा’ की शूटिंग कर रही हैं, जिसका निर्देशन पी. बिनू वर्गीज कर रहे हैं। शूटिंग के दौरान ही उन्होंने फार्मान खान के साथ शादी करने का फैसला लिया। मोनालिसा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे इस शादी से बेहद खुश हैं और उन्होंने केरल में विवाह इसलिए किया क्योंकि उन्हें यह राज्य बहुत पसंद है। वहीं फार्मान खान ने भी कहा कि लोगों का उन्हें यहां काफी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा, “हमारी प्रेम कहानी छह महीने पुरानी है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे यह रिश्ता साठ साल पुराना हो।”
 
कुंभ मेले से फिल्मी दुनिया तक का सफर
मोनालिसा भोंसले मूल रूप से मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं। कुछ समय पहले वह प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष की मालाएं बेचने के लिए गई थीं। इसी दौरान एक कंटेंट क्रिएटर ने उनका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। उनकी मुस्कान और आकर्षक व्यक्तित्व ने लोगों का ध्यान खींचा और वह इंटरनेट सेंसेशन बन गईं। इस वायरल वीडियो के बाद उन्हें मनोरंजन जगत से भी प्रस्ताव मिलने लगे। फिल्म निर्माता सanoj मिश्रा ने उन्हें अपनी आगामी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में काम करने का अवसर दिया है। लोकप्रियता मिलने के बाद मोनालिसा ने इंदौर लौटकर अभिनय का प्रशिक्षण लिया और बाद में मुंबई जाकर फिल्मी करियर की शुरुआत की। अब शादी और फिल्मों के साथ उनका जीवन एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।