कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने की सादगी भरी शादी! लाल चंदेरी साड़ी में दिखीं खास

    12-Mar-2026
Total Views |

- निजी समारोह में बंधे शादी के बंधन
मुंबई।
अभिनेत्री कृतिका कामरा (Kritika Kamra) और क्रिकेट कमेंटेटर गौरव कपूर (Gaurav Kapur) ने भव्यता के बजाय सादगी और निजीपन को चुनते हुए 11 मार्च को मुंबई में एक अंतरंग समारोह में शादी कर ली। आमतौर पर होने वाली बड़ी और भव्य भारतीय शादियों से अलग, इस जोड़े ने अपने रिश्ते को औपचारिक रूप से कपूर के बांद्रा स्थित घर में आयोजित एक साइनिंग सेरेमनी के जरिए मुकम्मल किया। इस समारोह में केवल दोनों परिवारों के करीबी सदस्य और कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए। शादी के बाद घर की छत पर एक सुंदर संडाउनर समारोह भी आयोजित किया गया, जहां सादगी और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।



लाल चंदेरी साड़ी में दिखा पारंपरिक अंदाज
इस खास मौके पर कृतिका कामरा ने दुल्हन के रूप में बेहद सादगीपूर्ण लेकिन आकर्षक लुक चुना। उन्होंने सिंदूर-लाल रंग की चंदेरी साड़ी पहनी, जिसे ब्रांड सिन्नाबार ने डिजाइन किया था। तसर सिल्क से बुनी इस साड़ी पर हल्की सुनहरी कढ़ाई की गई थी, जिसने इसे पारंपरिक और शालीन रूप दिया। इस साड़ी की खास बात यह भी थी कि इसे खास तौर पर कृतिका के लिए तैयार किया गया था और यह उन्हें उनकी मां की ओर से उपहार में मिली थी। दरअसल, ‘सिन्नाबार’ कृतिका के परिवार द्वारा शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य चंदेरी सिल्क की पारंपरिक रंगाई कला को संरक्षित करना और क्षेत्र की महिला कारीगरों को सहयोग देना है। कृतिका ने बताया कि शुरुआत से ही वह असली सिंदूर लाल रंग की साड़ी पहनना चाहती थीं, लेकिन बहुत भारी नहीं ताकि कपड़ा खुद ही अपनी खूबसूरती बयान कर सके।

पारंपरिक आभूषण और सॉफ्ट मेकअप
कृतिका ने अपनी साड़ी को डीप नेकलाइन वाले स्लीवलेस ब्लाउज के साथ स्टाइल किया और पारंपरिक ज्वेलरी के साथ अपने लुक को पूरा किया। उन्होंने पन्ना और अनकट हीरों से सजा एक स्टेटमेंट चोकर पहना, जिसे लंबे हार के साथ लेयर किया गया था। इसके अलावा मैचिंग इयररिंग्स, कड़ा और एक कॉकटेल रिंग जो संभवत उनकी सगाई की अंगूठी भी हो सकती है ने उनके लुक में चार चांद लगा दिए। मेकअप भी उसी सादगी भरे अंदाज में रखा गया था, जिसमें हल्की ग्लोइंग स्किन, सॉफ्ट आई मेकअप और पीछे की ओर गिरती ढीली लहरदार बालों की स्टाइल थी, जिसे सेंटर पार्टिंग के साथ रखा गया था।

क्लासिक अंदाज में गौरव कपूर
वहीं दूल्हे गौरव कपूर ने भी शाम के माहौल के अनुरूप गर्म रंगों का चयन किया। उन्होंने डिजाइनर राघवेंद्र राठोड का आइवरी और गोल्ड रंग का कस्टम बंधगला पहना, जिस पर महीन धागों की कढ़ाई और हेरिटेज बटन लगाए गए थे। इसे उन्होंने आइवरी ट्राउजर और पॉकेट स्क्वायर के साथ पेयर किया, जिससे उनका लुक क्लासिक और एलिगेंट दिखाई दिया। इस अंतरंग समारोह में उनके करीबी दोस्त भी शामिल हुए, जिनमें सोहा अली खान, फरहान अख्तर, अंगद बेदी, नेहा धूपिया, सागरिका घाटगे और जाहिर खान जैसे नाम शामिल थे। नवविवाहित जोड़े ने एक संयुक्त बयान में कहा कि जीवन के सबसे अर्थपूर्ण पल वही होते हैं, जो अपने प्रियजनों के साथ साझा किए जाएं, और वे अपने नए जीवन की शुरुआत परिवार और करीबी दोस्तों के बीच मुंबई में कर बेहद खुश हैं।