पंचायत राजनीति में सोशल मीडिया का जादू फीका! सोशल मीडिया स्टार निर्मला नवले को करारी शिकस्त

    09-Feb-2026
Total Views |
 
Nirmala Navle
पुणे।
पुणे जिले के शिरूर तालुका अंतर्गत कारेगांव की पूर्व सरपंच और सोशल मीडिया सनसनी निर्मला नवले (Narmada Navle) को इस वर्ष के पंचायत समिति चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के टिकट पर कारेगांव-कान्हूर मेसाई निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं निर्मला नवले को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मनीषा सतीश पचांगे ने करीब 300 मतों के अंतर से पराजित किया। यह हार न केवल निर्मला नवले के लिए, बल्कि उनके हजारों समर्थकों और प्रशंसकों के लिए भी बड़ा झटका मानी जा रही है। सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता रखने वाली निर्मला नवले की रील्स और वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं, लेकिन इस बार सोशल मीडिया का जादू जमीनी राजनीति में काम नहीं आ सका।
 
शिक्षित नेता, लेकिन चुनावी करिश्मा नहीं चला
निर्मला नवले पुणे जिले की चर्चित राजनीतिक शख्सियतों में शुमार रही हैं। आईटी इंजीनियरिंग में शिक्षित निर्मला नवले को कुछ वर्ष पूर्व कारेगांव की सरपंच के रूप में निर्विरोध चुना गया था। इसके बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ और वे सोशल मीडिया पर एक बड़ा चेहरा बनकर उभरीं। इंस्टाग्राम पर उनके पांच लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनके पहनावे, बोलने के अंदाज और बयानों को लेकर वे अक्सर सुर्खियों में रहती थीं। समर्थकों का मानना था कि उनकी लोकप्रियता उन्हें आसानी से जीत दिला देगी, लेकिन पंचायत समिति चुनाव में मतदाताओं ने अलग फैसला सुनाया। यह परिणाम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि स्थानीय मुद्दे और संगठनात्मक ताकत अब भी चुनावी राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
 
पुणे जिला परिषद परिणाम और राजनीतिक माहौल
पुणे जिला परिषद की कुल 299 सीटों में से अब तक 73 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा के 20, शिवसेना के 7, एनसीपी के 27, ठाकरे गुट के 2 और शरद पवार गुट के 3 उम्मीदवार विजयी हुए हैं। अजित पवार के निधन के बाद पुणे जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों का प्रचार पूरी तरह ठंडा पड़ गया था। किसी भी बड़े नेता की रैली नहीं हुई। इसके बावजूद एनसीपी को जिले में सहानुभूति का लाभ मिलता दिखाई दे रहा है। नर्मदा नवले की हार को बदलते राजनीतिक समीकरणों और मतदाताओं की प्राथमिकताओं में आए बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।