बड़ी खबर: शरद पवार की तबीयत बिगड़ी! जांच के बाद मिलेगी छुट्टी

    09-Feb-2026
Total Views |
 
Sharad Pawar
 Image Source:(Internet)
पुणे:
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता शरद (Sharad Pawar) पवार को स्वास्थ्य जांच के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह उन्हें लगातार खांसी की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों से सलाह लेकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हाल ही में उनके भतीजे एवं वरिष्ठ नेता अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार बीते कुछ दिनों से बारामती, मुंबई और पुणे स्थित अपने आवासों पर लगातार लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न वर्गों के लोग उनसे शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच रहे थे, जिससे उनकी व्यस्तता भी काफी बढ़ गई थी।
 
रूबी हॉल क्लिनिक में जांच जारी
खांसी की शिकायत के चलते शरद पवार को एहतियातन रूबी हॉल क्लिनिक में जांच के लिए लाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, क्लिनिक के प्रमुख डॉक्टर डॉ. परवेज़ ग्रांट को इस संबंध में जानकारी दी गई है और वे स्वयं उनकी जांच करेंगे। फिलहाल शरद पवार की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर करीबी नजर बनाए हुए है। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, वहीं पार्टी नेताओं और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है।
 
भर्ती या छुट्टी पर फैसला जांच के बाद
रूबी हॉल क्लिनिक के प्रमुख डॉ. परवेज़ ग्रांट ने बताया, “अगले कुछ घंटों में शरद पवार की पूरी तरह से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करना आवश्यक है या उपचार के बाद उन्हें घर भेजा जा सकता है।” इस दौरान शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं। डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। पार्टी और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।