नागपुर।
नागपुर महानगरपालिका (Nagpur Municipal Corporation) के नवनिर्वाचित महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीलाताई हाथीबेड तथा सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने सोमवार को भव्य समारोह में अपने-अपने पदों का विधिवत पदभार ग्रहण किया। यह समारोह मनपा मुख्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित किया गया, जिसमें राज्य के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, नवनिर्वाचित नगरसेवक, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
विकसित नागपुर के संकल्प के साथ नई जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नवनिर्वाचित नगरसेवकों से अपने मतदाताओं के प्रति निष्ठावान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में नागपुर शहर निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से वर्ष 2047 तक नागपुर को एक विकसित शहर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि महापौर का पद केवल सम्मान नहीं बल्कि जनता के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता ने जो विश्वास उनके ऊपर जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरी उतरेंगी।
सत्तापक्ष और प्रशासन के साथ समन्वय पर जोर
इस अवसर पर सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने कहा कि शहर के विकास के लिए प्रशासन और सभी पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागपुर के समग्र विकास के लिए ठोस निर्णय और योजनाबद्ध कार्य आवश्यक हैं। कार्यक्रम में विधायक कृष्णा खोपड़े, विधायक मोहन मते, पूर्व सांसद अजय संचेती सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
भव्य स्वागत, उल्लास और उत्साह का माहौल
महानगरपालिका प्रशासन की ओर से अतिरिक्त आयुक्त वासुमना पंत ने महापौर नीता ठाकरे का तथा अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी. ने उपमहापौर लीलाताई हाथीबेड का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर का स्वागत उपायुक्त निर्भय जैन ने किया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगरसेवक श्रीकांत आगलावे ने किया। पदभार ग्रहण के पश्चात महापौर, उपमहापौर और सत्तापक्ष नेता का समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।