'नव क्षितिज’ व्याख्यान श्रृंखला का भव्य शुभारंभ
Image Source:(Internet)
मुंबई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मुंबई के नेहरू सेंटर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। ‘नव क्षितिज’ नामक इस विशेष व्याख्यान श्रृंखला का शुभारंभ शनिवार को हुआ, जो अगले दो दिनों तक चलेगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य RSS के 100 वर्षों की वैचारिक यात्रा, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को रेखांकित करना है। RSS की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने हिंदू समाज को संगठित, अनुशासित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से की थी। शताब्दी समारोह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में आज RSS प्रमुख सरसंघचालक मोहन भागवत का व्याख्यान प्रस्तावित है, जबकि कल उनके साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 900 विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
बॉलीवुड और खेल जगत की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी
RSS के इस विशेष आयोजन में फिल्म और सांस्कृतिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मशहूर फिल्म निर्देशक सुभाष घई, अभिनेत्री अश्विनी भावे, अभिनेता सुनील बारवे और सांसद-अभिनेत्री हेमा मालिनी जैसे नामचीन चेहरे नजर आए। इन सभी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। आयोजन स्थल पर देशभक्ति, विचार-विमर्श और सांस्कृतिक संवाद का माहौल देखने को मिला। RSS के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर आमंत्रित अतिथियों में उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
सलमान खान की एंट्री से बढ़ी हलचल
हालांकि कार्यक्रम में कई चर्चित हस्तियां मौजूद थीं, लेकिन जैसे ही बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान ने कार्यक्रम स्थल पर कदम रखा, पूरा माहौल अचानक बदल गया। उनकी एंट्री के साथ ही सभी कैमरों का रुख उनकी ओर हो गया और वे देखते ही देखते आकर्षण का केंद्र बन गए। सलमान खान के चारों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई गणमान्य व्यक्तियों की निगाहें भी उन्हीं पर टिक गईं। RSS के मंच पर सलमान खान की मौजूदगी ने कई लोगों की भौहें चढ़ा दीं और कार्यक्रम में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया। एक तरह से कहा जाए तो इस भव्य RSS आयोजन में सलमान खान शोस्टॉपर बनकर उभरे।