मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदला! अब ‘श्रीराम मंदिर मयूर विहार’

    07-Feb-2026
Total Views |
- नाम मिलते-जुलते होने से यात्रियों को हो रही थी परेशानी

Shri Ram Mandir Mayur ViharImage Source:(Internet) 
नई दिल्ली।
दिल्ली के पूर्वी हिस्से में स्थित मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। अब यह स्टेशन ‘श्रीराम मंदिर मयूर विहार’ (Shri Ram Mandir Mayur Vihar) के नाम से जाना जाएगा। इस बदलाव के पीछे मुख्य वजह यात्रियों को होने वाली लगातार परेशानी बताई जा रही है। दरअसल, मयूर विहार क्षेत्र में पहले से ही मयूर विहार पॉकेट-1 और मयूर विहार फेज-1 नाम के दो मेट्रो स्टेशन मौजूद थे। नाम काफी हद तक एक जैसे होने के कारण यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग गलती से गलत स्टेशन पर उतर जाते थे, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ असुविधा भी बढ़ जाती थी। खासतौर पर बुजुर्गों, नए यात्रियों और बाहरी इलाकों से आने वाले लोगों को इस समस्या से अधिक जूझना पड़ता था।
 
बीजेपी नेताओं की मांग और SNA की सिफारिश पर हुआ फैसला
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग की थी। नेताओं का तर्क था कि स्टेशन का अलग और स्पष्ट नाम होने से यात्रियों को पहचान करने में आसानी होगी और भ्रम की स्थिति समाप्त होगी। सूत्रों के अनुसार, इस नाम परिवर्तन की सिफारिश स्ट्रीट नेम्स अथॉरिटी (SNA) द्वारा की गई है। SNA दिल्ली सरकार के अंतर्गत कार्य करने वाली 29 सदस्यीय संस्था है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री करते हैं। यह संस्था राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) दिल्ली में सड़कों, पार्कों, कॉलोनियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के नाम तय करने या बदलने का अधिकार रखती है, हालांकि MCD और NDMC क्षेत्र इसके दायरे में नहीं आते।
 
यात्रियों को मिलेगी राहत
बताया जा रहा है कि मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित श्रीराम मंदिर इस इलाके की एक प्रमुख धार्मिक और सामाजिक पहचान है। इसी कारण नए नाम में स्थानीय पहचान को शामिल किया गया है। इससे न केवल क्षेत्र की विशिष्ट पहचान उभरेगी, बल्कि यात्रियों को दिशा और स्थान समझने में भी आसानी होगी। दिल्ली में इससे पहले भी कई सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के नाम बदले जा चुके हैं। सरकार और संबंधित संस्थाओं का कहना है कि नाम परिवर्तन का उद्देश्य किसी तरह का विवाद नहीं, बल्कि आम लोगों की सुविधा, स्थानीय पहचान को मजबूत करना और भ्रम को खत्म करना होता है। अब मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन ‘श्रीराम मंदिर मयूर विहार’ के नाम से जाना जाएगा और उम्मीद की जा रही है कि इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।