Image Source:(Internet)
मुंबई।
मुंबई लोकल में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सेंट्रल रेलवे लाइन पर चल रही सीएसएमटी की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन के महिला आरक्षित (Ladies compartment) डिब्बे में एक संदिग्ध व्यक्ति बुर्का पहनकर घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने महिला यात्रियों को छूने की कोशिश की, जिससे डिब्बे में मौजूद महिलाएं सतर्क हो गईं। कुछ महिला यात्रियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को घेर लिया और उससे सवाल-जवाब करने लगीं। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। अचानक हुई इस घटना से महिला डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में भय का माहौल बन गया।
फिल्मी अंदाज में फरार हुआ आरोपी
जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन घाटकोपर स्टेशन के करीब पहुंची, आरोपी ने अचानक चलती ट्रेन से कूदने का फैसला किया। हैरानी की बात यह रही कि वह प्लेटफॉर्म पर खड़ी विपरीत दिशा में जाने वाली करजत फास्ट ट्रेन में चढ़ गया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की यह हरकत किसी फिल्मी सीन जैसी थी, जिसने यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों को भी चौंका दिया। घटना के तुरंत बाद महिला यात्रियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने मुलुंड और ठाणे स्टेशन पर आरोपी की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
GRP और RPF की संयुक्त जांच
इस मामले में घाटकोपर आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम की धारा 162 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुरला जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी संभाजी यादव ने बताया कि जीआरपी और आरपीएफ की टीमें संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि यह वही व्यक्ति हो सकता है, जिसने पिछले महीने अंबिवली रेलवे स्टेशन पर बुर्का पहनकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था, जिसका मामला कल्याण जीआरपी में दर्ज है। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है। यह घटना न केवल रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। रेलवे पुलिस ने आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए निगरानी और जांच तेज कर दी है।