एडवांटेज विदर्भ 2026 में सेबी के निवेशक जागरूकता सत्र

    06-Feb-2026
Total Views |
- आरटीएमएनयू परिसर में होंगे दो महत्वपूर्ण इंटरैक्टिव सत्र

Advantage Vidarbha 2026Image Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
एडवांटेज विदर्भ 2026 (Advantage Vidarbha 2026) – खासदार औद्योगिक महोत्सव के अंतर्गत निवेशकों और उद्यमियों के लिए उपयोगी कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी कड़ी में एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (AID) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के संयुक्त तत्वावधान में 7 फरवरी को निवेशक जागरूकता से जुड़े दो विशेष इंटरैक्टिव सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आरटीएमएनयू परिसर, अंबाझरी–अमरावती रोड, नागपुर में होगा। इन सत्रों का उद्देश्य निवेशकों और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को प्रतिभूति बाजार की कार्यप्रणाली, अवसरों और जोखिमों के प्रति जागरूक करना है।
 
निवेशकों के लिए अवसर, जोखिम और संरक्षण पर फोकस
पहला सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक “प्रतिभूति बाजार में अवसर एवं जोखिम” विषय पर आयोजित किया जाएगा। इस सत्र का नेतृत्व सेबी के कार्यकारी निदेशक जीवन सोनपरोते करेंगे। कार्यक्रम में सेबी के एजीएम राहुल केलापुरे, सीए गिरीश देवधर और एआईडी के सह-संयोजक सीए आशीष मुकिम भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इस सत्र में पूंजी बाजार में सुरक्षित निवेश, निवेशक संरक्षण के उपाय, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव तथा शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। यह सत्र सभी इच्छुक निवेशकों, छात्रों और आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग सही निवेश निर्णय लेने में सक्षम हो सकें।
 
एमएसएमई के लिए फंड-रेजिंग पर विशेष मार्गदर्शन
पहले सत्र के पश्चात शाम 4 बजे “प्रतिभूति बाजार के माध्यम से एमएसएमई के लिए फंड-रेज़िंग” विषय पर दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में सेबी के वरिष्ठ अधिकारी, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सत्र में एमएसएमई के लिए फंड जुटाने की रूपरेखा, एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग के मानदंड, अनुपालन आवश्यकताएं तथा लिस्टिंग के बाद की जिम्मेदारियों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। दूसरे सत्र के लिए सीटें सीमित रखी गई हैं। इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे पूर्व पंजीकरण के लिए सीए आशीष मुकिम (मोबाइल: 9422149200) से संपर्क करें। आयोजकों का मानना है कि यह सत्र विदर्भ क्षेत्र के उद्योगों और उद्यमियों के लिए पूंजी बाजार से जुड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।