नागपुर को मिली 55वीं महापौर, भाजपा की नीता ठाकरे निर्वाचित

    06-Feb-2026
Total Views |
- विशेष सभा में हुआ चुनाव

Nita ThackerayImage Source:(Internet) 
नागपुर।
नागपुर (Nagpur) महानगरपालिका की नवगठित परिषद की पहली विशेष सभा शुक्रवार को कविवर्य सुरेश भट सभागृह में संपन्न हुई, जिसमें भाजपा की पार्षद नीता राजेंद्र ठाकरे को बहुमत से नागपुर की 55वीं महापौर चुना गया। साथ ही भाजपा की ही पार्षद लीला हाथीबेड उपमहापौर निर्वाचित हुईं। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. विपीन इटनकर ने की। इस अवसर पर मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत व वैष्णवी बी., मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, वित्त अधिकारी सदाशिव शेलके, नगर सचिव डॉ. रंजना लाडे सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभा की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
 
मतदान में भाजपा को स्पष्ट बहुमत
महापौर पद के लिए भाजपा की ओर से नीता ठाकरे और कांग्रेस की ओर से स्नेहल ठाकरे ने नामांकन दाखिल किया था। किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया, जिसके बाद हाथ उठाकर मतदान कराया गया। इसमें नीता ठाकरे को 104 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 36 मत मिले। 11 पार्षदों ने मतदान नहीं किया, जिन्हें तटस्थ माना गया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने नीता ठाकरे के महापौर निर्वाचित होने की घोषणा की। उपमहापौर पद के लिए भाजपा की लीला हाथीबेड और कांग्रेस के विवेक निकोसे के बीच मुकाबला हुआ। इस चुनाव में भी हाथीबेड को 104 और कांग्रेस उम्मीदवार को 36 मत मिले, जबकि 11 मत तटस्थ रहे। इसके साथ ही उन्हें उपमहापौर घोषित किया गया।
 
शहर के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता – महापौर
पदभार ग्रहण करने के बाद महापौर नीता ठाकरे ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी पार्षदों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नागपुर शहर के समक्ष मौजूद समस्याओं का समाधान करना और शहर का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में सभी पार्षदों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी। महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
 
नागरिक सुविधाओं पर रहेगा फोकस, दलनेताओं की घोषणा
उपमहापौर पद संभालने के बाद लीला हाथीबेड ने कहा कि शहर की नागरिक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और जनसामान्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीठासीन अधिकारी और मनपा आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनिर्वाचित महापौर और उपमहापौर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके पश्चात महापौर नीता ठाकरे ने परिषद में भाजपा पार्षद नरेंद्र उर्फ बाल्या बोरकर को सत्तापक्ष नेता तथा कांग्रेस पार्षद संजय महाकालकर को विपक्ष का नेता घोषित किया। अंत में सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।