कैंटीन में समय गंवाने वाले सांसदों को पीएम मोदी की फटकार! संसद में बैठने का दिया सख्त संदेश

05 Feb 2026 15:26:06
- एनडीए सांसदों को नसीहत: चाय पीने जितना ही जरूरी संसद में बैठना

PM ModiImage Source:(Internet) 
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Modi) ने एनडीए के सांसदों को संसद के भीतर अपनी भूमिका को लेकर कड़ी नसीहत दी है। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी ने उन सांसदों पर नाराजगी जताई जो सत्र के दौरान संसद की कार्यवाही में भाग लेने के बजाय कैंटीन में समय बिताते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा, “जैसे आप चाय पीने के लिए कैंटीन में बैठते हैं, वैसे ही चाय वाले के लिए ही सही, संसद में बैठिए।” पीएम ने सांसदों को यह स्पष्ट संदेश दिया कि जनता ने उन्हें संसद में बैठकर काम करने के लिए चुना है, न कि समय गंवाने के लिए। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि देश में करोड़ों लोग पार्टी के लिए मेहनत करते हैं, उनमें से कुछ को ही संसद तक पहुंचने का अवसर मिलता है, इसलिए इस अवसर का पूरा उपयोग किया जाना चाहिए।
 
निशिकांत दुबे का जिक्र, पर संदेश सबके लिए
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का उदाहरण देते हुए कहा, “निशिकांत दुबे से सीखिए, वे संसद में बैठते हैं।” हालांकि, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि यह टिप्पणी कहीं न कहीं निशिकांत दुबे के लिए भी एक सूक्ष्म संदेश थी, क्योंकि वे भी कथित तौर पर कैंटीन में बैठे थे। पीएम की यह टिप्पणी हल्के-फुल्के अंदाज़ में कही गई, लेकिन इसका आशय गंभीर था संसद की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी। इस फटकार के बाद एनडीए खेमे में अनुशासन और उपस्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है और माना जा रहा है कि आगे सांसदों की मौजूदगी पर विशेष नजर रखी जाएगी।
 
संसद में हंगामा, राहुल गांधी का मुद्दा गरमाया
उधर, संसद का बजट सत्र लगातार सातवें दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ता नजर आया। अमेरिकी समझौते और पूर्व थलसेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति न मिलने पर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते सदन महज 65 सेकंड में स्थगित कर दिया गया। दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद भी हंगामा जारी रहा। राहुल गांधी के भाषण का मुद्दा राज्यसभा में भी उठा, जहां संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और नेता सदन जेपी नड्डा के बयानों के बाद विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर दिया। इस बीच चर्चा है कि प्रधानमंत्री आज राज्यसभा को संबोधित कर सकते हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लोकसभा में पारित हो गया, लेकिन पीएम का जवाब हंगामे के कारण नहीं हो सका।
Powered By Sangraha 9.0