नेटफ्लिक्स पर ‘धुरंधर’ का रिकॉर्डतोड़ डेब्यू! 7.6 मिलियन व्यूज के साथ बना नंबर-1

    05-Feb-2026
Total Views |
- ओटीटी पर सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग, कई हिट फिल्मों को छोड़ा पीछे
- पाकिस्तान में भी नंबर-1

DhurandharImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई-एक्शन फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होते ही इतिहास रच दिया है। 30 जनवरी को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली इस फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 7.6 मिलियन व्यूज दर्ज कर हिंदी फिल्मों में अब तक का सबसे बड़ा ओटीटी डेब्यू हासिल किया। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की अहम भूमिकाओं से सजी इस फिल्म ने रणबीर कपूर की एनिमल (6.2 मिलियन), ऋतिक रोशन की फाइटर (5.9 मिलियन) और अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2: द रूल (5.8 मिलियन) जैसे बड़े टाइटल्स को भी पीछे छोड़ दिया। थिएटर रन के बाद ओटीटी पर मिली इस ज़बरदस्त प्रतिक्रिया ने धुरंधर को मौजूदा दौर की सबसे सफल हिंदी फिल्मों में शामिल कर दिया है।
 
बैन के बावजूद ग्लोबल टॉप-10 में दबदबा
नेटफ्लिक्स के टुडम (Tudum) डेटा के अनुसार धुरंधर ने नॉन-इंग्लिश फिल्मों की ग्लोबल वीकली टॉप-10 सूची में सात देशों में पहला स्थान हासिल किया है। अब तक फिल्म के कुल 26.1 मिलियन व्यूइंग आवर्स दर्ज किए जा चुके हैं। खास बात यह है कि थिएटर रिलीज़ पर प्रतिबंध के बावजूद फिल्म पाकिस्तान में भी नेटफ्लिक्स पर नंबर-1 पोजिशन पर पहुंच गई है। इसी टॉप-10 सूची में अजय देवगन की रेड 2 और करीना कपूर खान, कृति सेनन व तब्बू अभिनीत क्रू भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने ओपनिंग वीकेंड में क्रमशः 5.6 मिलियन और 5.4 मिलियन व्यूज़ दर्ज किए।
 
टॉप-10 में अन्य फिल्में
टॉप-10 सूची में आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी सातवें स्थान पर रही, जिसे 5.3 मिलियन व्यूज मिले। आठवें स्थान पर शाह रुख खान की जवान और तमिल हिट इडली कड़ाई संयुक्त रूप से मौजूद हैं, दोनों को 5.2 मिलियन व्यूज मिले। वहीं दुलकर सलमान की लकी भास्कर 5.1 मिलियन व्यूज़ के साथ दसवें स्थान पर रही। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि दर्शकों के बीच बड़े सितारों और मजबूत कंटेंट वाली फिल्मों की ओटीटी पर मांग लगातार बढ़ रही है।
 
‘धुरंधर 2’ की घोषणा
धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह ने डबल रोल - जसकीरत सिंह रंगी और हमजा अली मजारी-निभाया है। कहानी भारतीय सरकार के एक गुप्त मिशन पर आधारित है, जिसमें उनका किरदार पाकिस्तान के लयारी इलाके में तैनात किया जाता है। फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 1,303 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जिससे यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल हो गई। इस शानदार प्रदर्शन के बाद निर्माताओं ने इसके सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज की घोषणा कर दी है, जो 19 मार्च 2026 को ईद के मौके पर रिलीज होगी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसे यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स से कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है।