Image Source:(Internet)
मुंबई।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री स्व. अजितदादा पवार की स्मृति में एनसीपी द्वारा एक राष्ट्रव्यापी कलश यात्रा (Nationwide Kalash Yatra) का आयोजन किया गया है। इस विशेष यात्रा के माध्यम से अजितदादा की अस्थियों का विसर्जन देश की प्रमुख पवित्र नदियों और धार्मिक स्थलों पर किया जाएगा। कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली जा रही इस कलश यात्रा का उद्देश्य देशभर में फैले उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर देना है। एनसीपी का मानना है कि अजितदादा का योगदान केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं था, बल्कि उनकी विचारधारा और नेतृत्व को पूरे देश में स्वीकार किया गया।
बारामती से यात्रा की शुरुआत
मंगलवार को बारामती स्थित अजितदादा पवार के निवास पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उनके पुत्र पार्थ अजित पवार ने अस्थि कलश को एनसीपी युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को सौंपा। इस अवसर पर पार्थ पवार ने कहा कि समयाभाव के कारण देशभर से कई समर्थक बारामती में अंतिम दर्शन नहीं कर सके थे। ऐसे में यह अस्थि कलश यात्रा उनके लिए श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक भावनात्मक माध्यम बनेगी। उन्होंने यह भी बताया कि युवा कांग्रेस के माध्यम से अजितदादा के विचारों, मूल्यों और सामाजिक प्रतिबद्धता को देश के हर कोने तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
चार दिनों में दस से अधिक राज्यों का सफर
यह अस्थि कलश यात्रा 4 फरवरी से 7 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। यात्रा की शुरुआत दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पूजा के साथ होगी, जिसके बाद कलश देश के विभिन्न राज्यों में भेजे जाएंगे। औपचारिक रूप से यात्रा का आरंभ उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से होगा। इसके बाद प्रयागराज संगम, वाराणसी के मणिकर्णिका घाट, बिहार की राजधानी पटना, झारखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु के कन्याकुमारी सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अस्थि विसर्जन और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। चार दिनों में यह यात्रा दस से अधिक राज्यों से होकर गुजरेगी।
विचारों और विकास कार्यों का संदेश
इस कलश यात्रा के माध्यम से अजितदादा पवार के विकास कार्यों, किसान कल्याण नीतियों और सामाजिक न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा का नेतृत्व राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में एनसीपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे देश में इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह अस्थि कलश यात्रा केवल एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि अजितदादा पवार की सोच और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का राष्ट्रीय अभियान है।