Image Source:(Internet)
नागपुर।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार (Wadettiwar) ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के 80 प्रतिशत लोगों को इस घटना में 'कुछ गड़बड़' होने की आशंका है। वडेट्टीवार ने कहा कि सिर्फ सीआईडी जांच से सच्चाई सामने नहीं आएगी और पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने अंतिम समय में पायलट बदले जाने, बड़े नेता के साथ हुई कथित लापरवाही और जांच की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि एनसीपी को प्रधानमंत्री मोदी से जांच की मांग करनी चाहिए। वडेट्टीवार के अनुसार, यदि यह दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश है, तो इसकी दिशा और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
सत्ता की जल्दबाजी और विपक्ष की शंकाएं
वडेट्टीवार ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर भी राजनीतिक सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार तक पूरा नहीं हुआ और सत्ता हथियाने की होड़ शुरू हो गई। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी हादसे पर संदेह जताया। राउत का आरोप है कि एनसीपी प्रमुख के विलय की इच्छा जताने के बाद भाजपा द्वारा सिंचाई घोटाले की फाइलों को लेकर दबाव बनाया गया था और 10 दिनों के भीतर अजित पवार की रहस्यमयी मौत हो गई। राउत ने कहा कि जिस तरह से तथ्य सामने आ रहे हैं, उससे जांच जरूरी हो जाती है।
जांच शुरू, शरद पवार की अपील
अजित पवार (66) की 28 जनवरी की सुबह बारामती हवाईअड्डे पर लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलटों की भी जान गई। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। इस बीच एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने लोगों से अपील की है कि इस दुखद घटना का राजनीतिकरण न किया जाए और इसे एक दुर्घटना के रूप में देखा जाए। जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच, सुनेत्रा पवार ने मुंबई के लोक भवन में राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।