अजित पवार विमान हादसे पर सवाल तेज! रोहित पवार के आरोपों पर सुप्रिया सुले की प्रतिक्रिया

    18-Feb-2026
Total Views |
- शरद पवार की राज्यसभा सदस्यता पर भी संकेत

Supriya SuleImage Source:(Internet) 
 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र की राजनीति में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के विमान हादसे को लेकर सवाल लगातार तेज होते जा रहे हैं। विधायक रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हादसे को लेकर गंभीर संदेह जताते हुए पूछा कि यह दुर्घटना थी या साजिश। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। वहीं नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से CBI जांच की मांग की है। हादसे से जुड़े कई नए सवाल उठाते हुए रोहित पवार ने VSR कंपनी और पायलट कैप्टन सुमित कपूर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि सवाल उठना स्वाभाविक है और हर किसी को सच्चाई जानने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और जो सच होगा वह सामने आएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विमान के ब्लैक बॉक्स से तकनीकी जानकारी मिल सकेगी, जिससे कई सवालों के जवाब मिलेंगे।
 
क्या फिर राज्यसभा जाएंगे शरद पवार?
इसी दौरान सुले ने शरद पवार की राज्यसभा सदस्यता को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अगले आठ दिनों में इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने राष्ट्रवादी गुटों के संभावित विलय पर भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिवार की क्षति जीवन भर बनी रहेगी।
 
भिगवण घटना पर भी प्रतिक्रिया
वहीं भिगवण में लड़की के अपहरण के मामले पर बोलते हुए सुले ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात की है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में किसी भी घटना को हिंसा में बदलने से रोकना जरूरी है और समाज में संयम बना रहना चाहिए।