डीसीएम अजित पवार की प्लेन दुर्घटना में मौत को लेकर रोहित पवार ने लगाए चौकाने वाले आरोप

    18-Feb-2026
Total Views |
 
Rohit Pawar
 Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचाते हुए रोहित पवार (Rohit Pawar) ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि विमान के पायलट कैप्टन सुमित कपूर ने कम दृश्यता के बावजूद विमान को वापस मोड़ने के बजाय जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त किया। उनके अनुसार यह केवल तकनीकी त्रुटि नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो इस दुर्घटना को सामान्य हादसा नहीं, बल्कि संदिग्ध घटना साबित करते हैं।

ईंधन और लैंडिंग को लेकर उठे सवाल
रोहित पवार ने बताया कि विमान में असामान्य रूप से अधिक ईंधन भरा गया था, जबकि इतनी मात्रा की जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि विमान के पंखों के टैंकों में 3000 से 3500 लीटर तक ईंधन मौजूद था और शौचालय के पास अतिरिक्त ईंधन का एक कैन भी रखा गया था। यह विमान बारामती से आगे हैदराबाद जाने वाला था, जहां ईंधन भरा जा सकता था। फिर भी, सूरत से उड़ान भरते समय टैंक पूरी तरह भरे गए। उनका आरोप है कि अधिक ईंधन के कारण विस्फोट को और भी बड़ा बनाने की योजना हो सकती थी।

कम दृश्यता के बावजूद लैंडिंग पर जोर
रोहित पवार ने कहा कि सुरक्षित लैंडिंग के लिए कम से कम 5000 मीटर दृश्यता जरूरी थी, जबकि दुर्घटना के समय दृश्यता केवल 3500 मीटर थी। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में खराब मौसम के बावजूद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई और बारामती में उतरने का जोखिम भी लिया गया। उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में विमान को वापस मोड़ना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इससे उनके संदेह और मजबूत हो गए कि दुर्घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है।

वीएसआर कंपनी पर सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने चार्टर ऑपरेटर वीएसआर कंपनी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कंपनी के हैंडलर गोपी द्वारा फ्लाइट प्लान में बदलाव किए जाने की आशंका है। उनके मुताबिक फ्लाइट प्लान दिल्ली से आने के बाद बदला गया हो सकता है और जांच एजेंसियों को जरूरी दस्तावेज देने में देरी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि उस समय के सभी ई-मेल और संचार रिकॉर्ड की गहन जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।