Image Source:(Internet)
नई दिल्ली।
तेज रफ्तार और लापरवाही ने दिल्ली में एक और जान ले ली। कथित तौर पर एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार एसयूवी (Speeding SUV) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा 3 फरवरी को Sector 11 द्वारका स्थित एक कॉलेज के पास हुआ। साहिल अपने काम पर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन नियंत्रण से बाहर होकर एक खड़ी कार से भी जा भिड़ा। हादसे में एक कैब चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का वीडियो सामने आया, नाबालिग बहन कर रही थी रिकॉर्डिंग
मृतक की मां द्वारा जारी किए गए एक वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय नाबालिग चालक की बहन भी गाड़ी में मौजूद थी और वह सामान्य वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी। फुटेज में सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों के बीच तेज गति से आती एसयूवी दिखाई देती है। वीडियो में सामने से आ रही मोटरसाइकिल और एसयूवी के आमने-सामने आने के कुछ ही क्षण बाद टक्कर होती नजर आती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वीडियो किसी सोशल मीडिया रील के लिए बनाया जा रहा था।
किशोर न्याय बोर्ड में पेशी
पुलिस ने नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर Juvenile Justice Board के समक्ष पेश किया, जहां से उसे ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। बाद में उसे कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दी गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें वाहन की गति, वीडियो रिकॉर्डिंग की परिस्थितियां और लापरवाही के स्तर का आकलन शामिल है। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मुद्दे पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।