फर्जी भर्ती विज्ञापन से हड़कंप, मनपा ने दर्ज कराई शिकायत

    17-Feb-2026
Total Views |
 
Nagpur Municipal Corporation
 Image Source:(Internet)
नागपुर।
नागपुर महानगर पालिका (Nagpur Municipal Corporation) के नाम पर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फर्जी भर्ती विज्ञापनों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। मनपा ने इस मामले में सदर पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इन भ्रामक विज्ञापनों में दावा किया जा रहा था कि निगम में ‘प्रिंटर ऑपरेटर और डॉक्यूमेंट स्कैनर’ के 100 पदों पर भर्ती की जा रही है। पोस्ट में यह भी बताया गया था कि हर जोन में 10-10 लोगों की नियुक्ति होगी, जिससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं में भ्रम फैल गया।
 
फोन नंबर देकर युवाओं को किया जा रहा था गुमराह
फर्जी विज्ञापनों में दो मोबाइल नंबर भी दिए गए थे, जिन पर कॉल या मैसेज कर आवेदन करने का दावा किया जा रहा था। लेकिन मनपा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह से भ्रामक और धोखाधड़ी है। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सहायक आयुक्त राजुकमार मेश्राम ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है और किसी भी पद के लिए आधिकारिक जानकारी केवल निगम की वेबसाइट मनपा ऑफिसियल वेबसाइट पर ही जारी की जाती है।
 
युवाओं को सावधान रहने की अपील
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान नंबर या व्यक्ति से संपर्क न करें। निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी वैध भर्तियों की जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जारी होती है। मामले का पता चलते ही राजकुमार मेश्राम ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रहे फर्जी विज्ञापनों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।