Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
अजित पवार (Ajit Pawar) की मृत्यु को लेकर सियासी हलकों में अब भी कई सवाल गूंज रहे हैं। जहां एक ओर इसे हादसा बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने गंभीर शंकाएं व्यक्त की हैं। रोहित पवार ने सवाल उठाया कि अजित पवार पहले कार से जाने वाले थे, लेकिन आखिरी समय में उनका कार्यक्रम बदलकर विमान से यात्रा क्यों तय किया गया? उन्होंने यह भी पूछा कि विमान के दोनों पायलटों को ऐन वक्त पर क्यों बदला गया। क्या यह सब पूर्व नियोजित था? रोहित पवार की इस पत्रकार परिषद के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी प्रकार की शंका को दूर किया जा सके।
सुप्रिया सुले की प्रतिक्रिया
रोहित पवार के आरोपों पर अब पार्टी की वरिष्ठ नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की विस्तृत और पारदर्शी जांच कराने का आश्वासन दिया है, इसलिए सभी को जांच के परिणाम की प्रतीक्षा करनी चाहिए। सुले ने कहा कि रोहित पवार की बेचैनी स्वाभाविक है और उन्होंने अपने सवाल खुले तौर पर रखे हैं। हालांकि, रोहित पवार द्वारा पूर्व विदर्भ के एक नेता का नाम लेने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुले ने परिवार की भावनात्मक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक ओर सुनेत्रा वहिनी को नई जिम्मेदारी मिलने की खुशी है, तो दूसरी ओर अजित पवार के न होने का गहरा दुख भी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राजनीतिक नेताओं ने की कुशलक्षेम पूछताछ
सुप्रिया सुले ने शरद पवार की सेहत को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शरद पवार की तबीयत अब काफी बेहतर है और उन्हें जल्द ही रूबी हॉल अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया। सुले ने यह भी बताया कि शरद पवार के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने फोन कर हालचाल जाना। अजित पवार के निधन के बाद के कठिन समय में सभी दलों के नेताओं ने परिवार का साथ दिया, जिसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। फिलहाल पूरा परिवार इस कठिन दौर से गुजर रहा है और जांच के नतीजों का इंतजार कर रहा है।