- लोकसभा की मौजूदा संख्या बनाए रखने और वर्तमान सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव
- खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों की बैठक

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। देश में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्र सरकार की ओर से संसद में संविधान संशोधन विधेयक दोबारा पेश करने की तैयारी के बीच विपक्षी INDIA गठबंधन ने शनिवार को अपनी तीन प्रमुख शर्तें रखीं। नई दिल्ली में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई, जिसमें परिसीमन को लेकर साझा रणनीति पर चर्चा की गई। गठबंधन की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 543 ही बरकरार रखी जाए। इसके अलावा महिला आरक्षण को लोकसभा की वर्तमान सदस्य संख्या के आधार पर लागू किया जाए। तीसरी शर्त के तहत राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आवंटन अगले 25 वर्षों तक नहीं बदला जाए। गठबंधन ने बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन तीनों मांगों को साझा किया।
राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता बैठक में रहे मौजूद
बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, राजद के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन सहित कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। विपक्षी दलों का कहना है कि परिसीमन के नाम पर राज्यों के मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व में असंतुलन नहीं होना चाहिए। इसी मुद्दे पर सभी दलों ने एकजुट होकर अपनी मांगें सामने रखी हैं।
DMK और NCP-SP के समर्थन से सरकार को मिल सकता है फायदा
दूसरी ओर, संशोधित परिसीमन प्रस्तावों को लेकर द्रमुक (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP के समर्थन के संकेत से सत्तारूढ़ एनडीए को मजबूती मिल सकती है। दोनों दलों के कुल 30 सांसदों का समर्थन मिलने पर लोकसभा में सरकार का संभावित आंकड़ा करीब 320 से बढ़कर 350 तक पहुंच सकता है। हालांकि, संविधान संशोधन पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करना सरकार के सामने चुनौती बना हुआ है। यदि सभी 540 मौजूदा सदस्य मतदान में हिस्सा लेते हैं, तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। इसके साथ ही सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत हासिल करने की अलग संवैधानिक शर्त भी लागू होगी। वास्तविक आवश्यकता मतदान में शामिल सदस्यों की संख्या पर निर्भर करेगी।
DMK ने 50% सीटें बढ़ाने का किया समर्थन
द्रमुक ने राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव का समर्थन किया है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट किया है कि तमिलनाडु के मौजूदा संसदीय प्रतिनिधित्व के हिस्से की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। द्रमुक के पास लोकसभा में 22 सांसद हैं। पार्टी सांसद ए. राजा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रस्ताव के अन्य प्रावधानों में संशोधन की मांग भी की जाएगी। इस तरह परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। एक ओर विपक्ष मौजूदा सीट आवंटन को 25 वर्षों तक स्थिर रखने की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार को कुछ विपक्षी दलों से भी समर्थन मिलने के संकेत हैं।