पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज पर संकट! I&B Ministry ने कहा...

    26-Nov-2026
Total Views |
- I&B Ministry ने नेटफ्लिक्स को मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने के दिए निर्देश
- फवाद खान और माहिरा खान की प्रमुख भूमिका वाली सीरीज 4 दिसंबर को होनी है रिलीज

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क
। पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर भारत में एक बार फिर विवाद गहरा गया है। नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) ने नेटफ्लिक्स को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों एवं वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय को इस सीरीज की भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून में दिए गए अपने आश्वासन की याद दिलाते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में निर्मित कोई भी कंटेंट उपलब्ध नहीं होना चाहिए। इस घटनाक्रम के बाद 4 दिसंबर को प्रस्तावित सीरीज की भारतीय रिलीज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।


फवाद और माहिरा खान की मुख्य भूमिका से चर्चा में सीरीज
'जो बचे हैं संग समेट लो' पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित सीरीज है। इसमें पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान और माहिरा खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। नेटफ्लिक्स की इस सीरीज के ट्रेलर के सामने आने के बाद से ही भारत में इसकी रिलीज को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं था कि 4 दिसंबर को होने वाली रिलीज में भारत भी शामिल होगा या इसे केवल पाकिस्तान और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ही स्ट्रीम किया जाएगा। मंत्रालय के ताजा हस्तक्षेप के बाद भारत में इसके प्रसारण पर रोक लगने की संभावना बढ़ गई है। इस मामले में नेटफ्लिक्स की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

पहलगाम हमले के बाद जारी हुई थी एडवाइजरी
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने 8 मई 2025 को एडवाइजरी जारी कर ओटीटी प्लेटफॉर्म, स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य ऑनलाइन माध्यमों को पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट का प्रसारण तत्काल बंद करने का निर्देश दिया था। इसमें वेब सीरीज, फिल्में, गाने और पॉडकास्ट सहित सभी तरह के कंटेंट को शामिल किया गया था, चाहे वे मुफ्त उपलब्ध हों या सशुल्क। सरकार ने यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से उठाया था। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी (IT) नियम, 2021 के तहत निर्धारित आचार संहिता का हवाला दिया गया था, जिसमें ऐसे कंटेंट के प्रति सावधानी बरतने की जिम्मेदारी तय की गई है, जो देश की संप्रभुता, अखंडता, सुरक्षा और अन्य देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रभावित कर सकता है। जून 2025 में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को आश्वस्त किया था कि वह भारत में अपने सब्सक्राइबर्स को पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं करा रहा है।

फिल्म संगठनों ने भी प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
इस विवाद में फिल्म जगत के संगठनों ने भी विरोध जताया है। सीरीज का ट्रेलर जारी होने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने आपत्ति दर्ज कराई थी। दोनों संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। उनका विरोध पाकिस्तानी कलाकारों और वहां निर्मित कंटेंट को भारत में मंच दिए जाने को लेकर है। अब मंत्रालय की ओर से नेटफ्लिक्स को एडवाइजरी का पालन करने की याद दिलाए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। ऐसे में देखना होगा कि नेटफ्लिक्स 4 दिसंबर की रिलीज को लेकर क्या फैसला लेता है और क्या भारतीय दर्शक इस सीरीज को देख पाएंगे।