Airfest 2026 : आसमान में वायुसेना का शौर्य, साहस और पराक्रम

    22-Nov-2026
Total Views |
- सूर्यकिरण, सारंग और सुखोई-30 के हवाई करतबों ने दर्शकों को किया रोमांचित
- तीन दिवसीय एयर फेस्ट में 16 हजार से अधिक लोगों की रही सहभागिता


नागपुर।
आसमान में विमानों की गर्जना, हवा में कलाबाजियां दिखाते लड़ाकू विमान, रंग-बिरंगे धुएं से बनती आकर्षक आकृतियां और पैराशूट के सहारे आसमान से जमीन पर उतरते जांबाज जवान... नागपुर के आसमान ने तीन दिनों तक भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, तकनीकी दक्षता और शौर्य की अनूठी तस्वीर पेश की। वायुसेना नगर स्थित मेंटेनेंस कमांड मुख्यालय, भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 'एयर फेस्ट 2026' का रविवार, 22 नवंबर को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेंटेनेंस कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश, वीएसएम, पीएचडी ने उनका स्वागत किया। इस आयोजन में वायुसेना की परिचालन क्षमता, पेशेवर दक्षता, अनुशासन और गौरवशाली परंपराओं का शानदार प्रदर्शन देखने मिला।


सूर्यकिरण और सारंग टीम ने आसमान में बिखेरे रंग
एयर फेस्ट का सबसे बड़ा आकर्षण सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम का प्रदर्शन रहा। टीम के विमानों ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए एक-दूसरे के साथ बेहतरीन तालमेल और उड़ान की सटीकता का परिचय दिया। वहीं, स्वदेशी ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टरों से सुसज्जित सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपनी फुर्ती, गति और अद्भुत हवाई संरचनाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर फ्री-फॉल और पैराशूट प्रदर्शन के जरिए अपने साहस और कौशल का परिचय दिया। तीन सुखोई-30 लड़ाकू विमानों की विक्ट्री फॉर्मेशन में हुई फ्लाईपास्ट ने भी दर्शकों में रोमांच भर दिया। इसके अलावा पैरामोटर डिस्प्ले ने आयोजन को एक अलग आकर्षण प्रदान किया। विमानों की तेज आवाज और आसमान में बनती आकर्षक आकृतियों के बीच दर्शक लगातार तालियां बजाकर वायुसेना के जांबाजों का उत्साह बढ़ाते रहे।


गरुड़ कमांडो का प्रदर्शन, एयर वॉरियर ड्रिल ने जीता दिल
आसमान में हवाई करतबों के साथ जमीन पर भी वायुसेना की ताकत और अनुशासन की झलक देखने मिली। भारतीय वायुसेना की विशिष्ट गरुड़ स्पेशल फोर्सेज टीम ने स्लिदरिंग डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अपने विशेष सैन्य कौशल, आपसी समन्वय और ऑपरेशनल तैयारियों का प्रदर्शन किया। एयर वॉरियर ड्रिल टीम ने सटीक कदमताल, अनुशासन और शानदार तालमेल से दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं, नंबर 5 एयर फोर्स बैंड ने जोशीली मार्शल धुनों, देशभक्ति गीतों और मधुर संगीत प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। आयोजन में भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमानों और अन्य एविएशन संसाधनों का स्टैटिक डिस्प्ले भी लगाया गया। इसके माध्यम से नागरिकों को वायुसेना के विमानों, आधुनिक तकनीक और विभिन्न सैन्य प्लेटफॉर्म की विशेषताओं को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला।


युवाओं को मिला प्रेरणा का अवसर
तीन दिवसीय एयर फेस्ट में 16 हजार से अधिक दर्शकों ने सहभागिता की। इनमें बड़ी संख्या में युवा, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली और कॉलेज विद्यार्थी शामिल रहे। आयोजन ने युवाओं को भारतीय वायुसेना की कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमताओं और देश की सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को करीब से समझने का अवसर दिया। एयर फेस्ट का उद्देश्य केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि वायुसेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव मजबूत करना भी रहा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने, देशभक्ति की भावना विकसित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा में वायुसेना के योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनों ने टीमवर्क, अनुशासन, तकनीकी प्रगति और स्वदेशी क्षमताओं के महत्व को भी रेखांकित किया। एयर फेस्ट 2026 का सफल समापन मेंटेनेंस कमांड मुख्यालय की जनसंपर्क, युवा सहभागिता और भारतीय वायुसेना की पेशेवर उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने की प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।